रोजाना टीकाकरण के मामले में शीर्ष पर भारत, हर दिन दी जा रहीं औसतन 34 लाख से अधिक खुराकें
Covid Vaccination in India देश में हर रोज कोरोना रोधी टीके की औसतन 3430502 खुराकें दी जा रही हैं। इसके साथ ही भारत रोजाना लगाए जाने वाले टीकों के मामले में दुनियाभर में शीर्ष पर पहुंच गया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। देश में कोरोना की बेकाबू होती रफ्तार को थामने के लिए टीकाकरण अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। देश में हर रोज कोरोना रोधी टीके की औसतन 34,30,502 खुराकें दी जा रही हैं। इसके साथ ही भारत रोजाना लगाए जाने वाले टीकों के मामले में दुनियाभर में शीर्ष पर पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 13,77,304 सत्रों में वैक्सीन की कुल 9,01,98,673 डोज लगाई जा चुकी हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अब तक 89,68,151 स्वास्थ्य कर्मियों और 97,67,538 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को पहली जबकि 54,18,084 स्वास्थ्यकर्मियों और 44,11,609 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा 60 साल से ज्यादा उम्र के 3,63,32,851 लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन की पहली जबकि 11,39,291 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई।
यही नहीं 45 से 60 साल की उम्र के 2,36,94,487 लोगों को पहली जबकि इसी उम्र के 4,66,662 लाभार्थियों को कोविड वैक्सीन की दूसरी खुराक दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि रोजाना कोविड-19 रोधी टीके लगाए जाने के मामले में भारत दुनियाभर में पहले स्थान पर है। मौजूदा वक्त में रोजाना कोविड वैक्सीन की औसतन 34,30,502 डोज दी जा रही हैं। अब तक हुए टीकाकरण में 60 फीसद महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, यूपी, बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल में हुआ है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,26,789 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा 1,29,28,574 हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण से 685 लोगों की मौत हो गई है। कोरोना के रोजाना मामलों में 84.21 फीसद केस केवल 10 राज्यों से हैं। इनमें महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, केरल और पंजाब शामिल हैं। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में सबसे 59,907 मामले सामने आए हैं।