COVID 19 Updates: लगातार एक हफ्ते से रोज हजार से भी कम हो रहीं मौतें, देश में मृत्युदर हुई 1.51 फीसद
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शनिवार को 11.40 लाख नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही 24 अक्टूबर तक कुल 10.25 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कुछ राज्यों को छोड़कर कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में चौतरफा सफलता मिल रही है। नए मामले लगातार कम हो रहे हैं और बड़ी संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। संक्रमण के चलते रोजाना मरने वालों की तादाद भी एक हफ्ते से हजार से कम बनी हुई है। कोरोना संक्रमण से उबरने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 90 फीसद हो गई है। मृत्युदर गिरकर 1.51 फीसद पर आ गई है और सक्रिय मरीज 8.50 प्रतिशत रह गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 62,077 और लोग इस महामारी से ठीक हुए, संक्रमण के 50,129 नए मामले सामने आए और 578 लोगों की मौत हो गई। इनको मिलाकर अब तक 70.78 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 78.64 लाख पर पहुंच गया है। 1.18 लाख लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है।
सक्रिय मामलों यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या 6.68 लाख है और इसकी तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 64.09 लाख अधिक है।
10 राज्यों में 75 फीसद ठीक होने वाले मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, बंगाल, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, असम, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ठीक हुए मामलों में से 75 प्रतिशत और नए मरीजों में 79 फीसद मामले दर्ज किए गए है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में एक दिन में दस हजार से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। केरल में सबसे अधिक आठ हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं जबकि महाराष्ट्र में छह हजार से अधिक मामले सामने आए हैं।
शनिवार को 11.40 लाख टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शनिवार को 11.40 लाख नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही 24 अक्टूबर तक कुल 10.25 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।