Covid 19 India Updates: पांच फीसद से नीचे आई दैनिक संक्रमण दर, सवा दो महीने बाद सबसे कम मामले
लगभग सवा दो महीने से बाद एक दिन में सबसे कम नए मामले सामने आए हैं और डेढ़ महीने से अधिक समय बाद सबसे कम मौतें भी हुई हैं। दैनिक संक्रमण की दर नौ मई को 24.9 फीसद जो अब पांच फीसद से नीचे आ गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना महामारी का कहर अब तेजी से कमजोर पड़ रहा है। उत्तर भारत में तो पहले से ही मामले कम होने लगे थे, दक्षिण भारत में भी अब हालात नियंत्रण में आते जा रहे हैं। लगभग सवा दो महीने से बाद एक दिन में सबसे कम नए मामले सामने आए हैं और डेढ़ महीने से अधिक समय बाद सबसे कम मौतें भी हुई हैं। दैनिक संक्रमण की दर नौ मई को 24.9 फीसद जो अब पांच फीसद से नीचे आ गई है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी पांच फीसद से कुछ ही अधिक है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 86,498 नए मामले मिले हैं। इससे पहले एक दिन में दो अप्रैल को 81,466 केस पाए गए थे। 47 दिनों बाद सबसे कम 2,123 लोगों की जान गई है।
कोरोना महामारी के चलते देश में 21 मई को सबसे ज्यादा 4,529 मौतें हुई थीं। एक दिन में इससे ज्यादा मौतें किसी भी देश में नहीं हुई हैं। अमेरिका में 12 जनवरी को सर्वाधिक 4,468 मौतें हुई थीं। जबकि, ब्राजील में छह अप्रैल को सबसे ज्यादा 4,211 लोगों की जान गई थी। पिछले 26 दिनों से लगातार नए मामलों से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं और इसके परिणामस्वरूप सक्रिय मामलों में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।
3 अप्रैल के बाद अब तक एक दिन के सबसे कम मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि जहां 7 मई को देश में प्रतिदिन के हिसाब से 4,14,000 मामले दर्ज किए गए थे, वे अब 1 लाख से भी कम हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में 86,498 मामले देश में दर्ज़ किए गए। यह 3 अप्रैल के बाद अब तक एक दिन के सबसे कम मामले हैं। होम आइसोलेशन और मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों को मिलाकर रिकवरी रेट बढ़कर 94.3 फीसद हो गई है।
सप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 6.3 फीसद दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में 1,82,000 रिकवरी हुई है और पॉजिटिविटी रेट 4.62 फीसदी दर्ज की गई। 4 मई को देश में 531 ऐसे जिले थे, जहां प्रतिदिन 100 से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे थे, ऐसे ज़िले अब 209 रह गए हैं। लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में मामलों की संख्या में 33 फीसद की गिरावट और सक्रिय मामलों में 65 फीसद की कमी आई है। राज्यवार 15 राज्य ऐसे हैं जहां 5 फीसद से कम पॉजिटिविटी रेट है।
मंगलवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़े
नए मामले- 86,498
कुल मामले- 2,89,96,473
मौतें- 2,123
कुल मौतें- 3,51,309
सक्रिय मामले- 13,03,702
ठीक हुए- 1,82,282
कुल ठीक हुए- 2,73,41,462
संक्रमण दर- 4.62 फीसद
साप्ताहिक संक्रमण दर- 5.94 फीसद
ठीक होने की दर- 94.29 फीसद
मृत्यु दर- 1.21 फीसद
जांचें (शनिवार)- 18,73,485
कुल जांचें- 36,82,07,596