Move to Jagran APP

हर साल पत्नी को रिक्शा में बैठा 45 सौ किलोमीटर पैदल चल कर पहुंचते हैं वैष्णो देवी के दरबार

संतोष पिछले तेरह साल से हर शारदेय नवरात्र पर 4500 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर मां वैष्णोदेवी के दरबार तक पहुंचते हैं।

By Arti YadavEdited By: Published: Sun, 07 Oct 2018 08:11 AM (IST)Updated: Sun, 07 Oct 2018 08:41 AM (IST)
हर साल पत्नी को रिक्शा में बैठा 45 सौ किलोमीटर पैदल चल कर पहुंचते हैं वैष्णो देवी के दरबार

भोपाल, जितेन्द्र पंडित। वैष्णोदेवी के मंदिर में लोग मुरादें पाते हैं.. रोते रोते आते हैं, हंसते हंसते जाते हैं..बात आज से 15 साल पहले की है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर में रहने वाले यादव दंपती संतोष और प्रेमा संतान सुख से वंचित थे। संतान होती, पर जीवित न बचती। दुख और निराशा का घोर अंधकार घेरे चला था। उम्मीद की अंतिम किरण के रूप में यदि कुछ शेष था तो वह थी आस्था। मन में संतान की मुराद लिए दोनों माता वैष्णोदेवी के दरबार को चल पड़े..।

loksabha election banner

संतोष कुमार यादव भले ही साधारण रिक्शा चालक हैं, लेकिन उनकी आस्था और संकल्प शक्ति असाधारण है। दरअसल, आस्था एक मनोविज्ञान है। आस्था की शक्ति अपना काम करती है, हम इसे चमत्कार कहते है। संतोष पिछले तेरह साल से हर शारदेय नवरात्र पर 4500 किलोमीटर (पैदल जाना और आना) का पैदल सफर तय कर मां वैष्णोदेवी के दरबार तक पहुंचते हैं। देवी को धन्यवाद अर्पित करते हैं, श्रद्धासुमन भेंट करते हैं। यही नहीं वे अपनी पत्नी को रिक्शे में बैठाकर उसे भी देवी के दरबार तक खींच ले जाते हैं।

साठ साल से ऊपर का कमजोर हो चला शरीर, बढ़ी हुई सफेद दाढ़ी, लेकिन चेहरे पर आस्था, श्रद्धा और विश्र्वास की दृढ़ चमक। बताते हैं कि शादी के बाद संतान सुख से वंचित थे। पत्नी प्रेमा बाई की गोद सूनी बनी हुई थी। दो बार वह गर्भवती हुईं, लेकिन दोनों बच्चे जन्म के साथ ही गुजर गए। तब किसी के कहने पर माता वैष्णोदेवी के दरबार में झोली फैलाने का मन बनाया। देवी में पूर्ण आस्था रखते हुए यात्रा का संकल्प लिया। मन्नत रखी कि जन्म लेने वाला बच्चा जीवित बच जाएगा तो उसके 14 साल का होने तक हर साल मां वैष्णोदेवी के दर तक पैदल पहुंचेंगे।

ऐसा हुआ चमत्कार..

इसके बाद प्रेमा पुन: गर्भवती हुईं। जब गर्भ छह माह का हुआ तो पति-पत्नी व्याकुल हो उठे। डर था कि कहीं यह बच्चा भी दामन से न निकल जाए। वैष्णोदेवी की शरण में जाने का निर्णय कर लिया। गर्भवती प्रेमा को अपने रिक्शे में बिठाकर संतोष निकल पड़े अनूपपुर से लगभग बाईस सौ किमी दूर आस्था के दर की ओर। तीन महीने लगे वैष्णोदेवी तक पहुंचने में। माता के दरबार के निकट पहुंच चुके थे। पर्वत पर चढ़ाई शुरू कर दी थी। प्रेमा बाई के गर्भ में पल रहा बच्चा इस दौरान नौ माह से ज्यादा का हो चुका था। प्रेमा बताती हैं, हम जैसे-तैसे माता के दरबार के निकट जा पहुंच थे। अब दर्शन ही शेष थे। थोड़ी ही चढ़ाई बची थी। मंदिर सामने था, लेकिन इससे पहले कि हम माता के दर्शन कर पाते मुझे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मैंने बालक को जन्म दिया। बाद में बच्चे को गोद में लेकर माता के दर्शन किए। बेटे को मां का प्रसाद समझकर उसका नाम विष्णु प्रसाद रखा। माता ने कृपा की और आज विष्णु हमारे साथ है। हमारा सहारा है।

संतोष-प्रेमा इस बार 14वीं यात्रा करने जा रहे हैं। ठीक वैसे ही जैसे पहली की थी। यह यात्रा उनके संकल्प की पूर्णाहूति होगी।

संतोष ने बताया कि आज तक यात्रा के दौरान कभी कोई असुविधा नहीं हुई। पूरे रास्ते लोगों का सहयोग मिला। रिक्श में जरूरी साजोसामान भी लाद लेते हैं। सोलर पैनल, पंखा, लाउड स्पीकर, खाने-पीने का समान, रिक्शा रिपेयरिंग के टूल और दवाई साथ रखते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.