9 साल... 28 करोड़ में बनकर तैयार देश का दूसरा सबसे बड़ा रामकृष्ण ध्यान मंदिर
औरंगाबाद में देश का दूसरा सबसे बड़ा रामकृष्ण ध्यान मंदिर बनकर तैयार हो गया है।
औरंगाबाद, जेएनएन। अंजता-एलोरा जैसे विश्व धरोहर के लिए प्रसिद्ध औरंगाबाद अब भगवान रामकृष्ण ध्यान मंदिर के लिए भी देश-दुनिया में जाना जाएगा। औरंगाबाद में देश का दूसरा सबसे बड़ा रामकृष्ण ध्यान मंदिर बनकर तैयार हो गया है। इस भव्य मंदिर का लोकार्पण 17 नवंबर को होगा। इस मंदिर को रिकॉर्ड 9 वर्षों में बनाया गया है।
करीब 28 करोड़ की लागत से बना मंदिर
जानकारी के मुताबिक, ये भव्य मंदिर 18,000 स्क्वायर फीट क्षेत्र में बना है। है। इसकी ऊंचाई 100 फीट है, जबकि इसका गर्भगृह 40 फीट खुदाई कर बनाया गया है। इसके निर्माण में करीब 28 करोड़ रुपयों का खर्च आया है। बताया जा रहा है कि यहां चार वास्तु कला का संगम है। इसमें रोमन, गॉथिक, राजपूत और इस्लाम वास्तु कला की विशेषताएं देखी जा सकेंगी।
लोकार्पण में शामिल होंगे पांच हजार लोग
17 नवंबर को होने वालो लोकार्पण कार्यक्रम में देश-विदेश के करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। रामकृष्ण मिशन के 350 साधु-संत यहां एकत्र होंगे। बता दें कि देश का सबसे बड़ा रामकृष्ण ध्यान मंदिर पश्चिम बंगाल के बेलूर में स्थित है।