Move to Jagran APP

कोरोना के खिलाफ जंग में देश ने हासिल किया नमूनों की जांच का लक्ष्य, दक्षिण भारत में बढ़े मामले

महाराष्ट्र में कुछ दिनों के बाद अचानक नए मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। दक्षिण भारत में भी कोरोना लगातार बढ़ रहा है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 22 Aug 2020 09:03 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2020 09:03 PM (IST)
कोरोना के खिलाफ जंग में देश ने हासिल किया नमूनों की जांच का लक्ष्य, दक्षिण भारत में बढ़े मामले

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ जंग में जांच की क्षमता बढ़ाने की प्रतिबद्धता पर अमल करते हुए भारत एक अहम लक्ष्य को हासिल करने में सफल रहा है। कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देश में एक दिन में 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है। अब तक करीब 3.44 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख को पार कर गया है। अब तक 56 हजार से अधिक लोगों की जान भी जा चुकी है। साथ ही एक दिन में रिकॉर्ड 63 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं।

loksabha election banner

अब तक तीन करोड़ से ज्यादा नमूनों की जांच

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि यद्यपि की जांच बढ़ने से नए पॉजिटिव मामले ज्यादा मिल रहे हैं, लेकिन तत्काल आइसोलेशन, समय पर प्रभावी इलाज जैसे उपायों से पॉजिटिविटी दर कम हो रही है। मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को कुल 10 लाख 23 हजार 836 नमूनों की जांच की गई। एक दिन में नमूनों की जांच की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। भारत ने एक दिन में 10 लाख नमूनों की जांच करने का लक्ष्य रखा था, जिसे हासिल कर लिया गया है। अब तक तीन करोड़ 44 लाख 91 हजार 73 नमूनों की जांच की जा चुकी है। कोरोना सैंपल जांच करने वाली प्रयोगशालाओं की संख्या भी बढ़कर 1,511 हो गई है, जिसमें 983 सरकारी और 528 निजी क्षेत्र की प्रयोगशालाएं शामिल हैं।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ व अन्य श्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार देर रात से अब तक 35,650 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख दो हजार 181 हो गया है। मृतकों की संख्या 56 हजार को पार कर 56,307 हो गई है। शनिवार को 465 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 297, आंध्र प्रदेश में 97, जम्मू-कश्मीर व केरल में 15-15, दिल्ली में 14, ओडिशा में नौ और तेलंगाना में सात मौतें शामिल हैं।

मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 74.69 फीसद

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 69874 नए मामले मिले हैं, 63,631 मरीज ठीक हुए हैं और 945 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 29 लाख 75 हजार 701, स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 22 लाख 22 हजार 577 और मृतकों की संख्या 55,794 हो गई है। सक्रिय मामले छह लाख 97 हजार 330 रह गए हैं। इसके साथ मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 74.69 फीसद हो गई और मृत्युदर घटकर 1.87 प्रतिशत पर आ गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य श्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।

महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे नए मामले

महाराष्ट्र में कुछ दिनों के बाद अचानक नए मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। राज्य में रिकॉर्ड 14,492 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा छह लाख 71 हजार 942 हो गया है। अब तक 21,995 लोगों की जान भी जा चुकी है। गोवा में 306 नए मामले मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 1,811 हो गई है। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है और मरने वालों का आंकड़ा सात हो गया है।

तेलंगाना में एक लाख से अधिक संक्रमित

दक्षिण भारत में भी कोरोना लगातार बढ़ रहा है। तेलंगाना में संक्रमितों का आंकड़ा पार कर गया है। राज्य में सामने आए 2,474 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित एक लाख एक हजार 865 हो गए हैं। आंध्र प्रदेश में 10,276 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित तीन लाख 45 हजार 216 हो गए हैं। केरल में 2,171 नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 56,353 हो गए हैं।

दिल्ली में 1,412 नए मामले

राजधानी दिल्ली में 1,412 नए मामले मिले हैं। अब तक यहां एक लाख 60 हजार से अधिक मामले मिल चुके हैं और 4,284 लोगों की जान भी जा चुकी है। इसी तरह ओडिशा में 2,819 नए केस के साथ कुल 75,537, राजस्थान में 612 नए मामलों के साथ 68,566, जम्मू-कश्मीर में 610 नए मामलों के साथ 31,981, त्रिपुरा में 280 नए केस के साथ 8,389, और अरुणाचल प्रदेश में 60 नए मामलों के साथ कुल 3,126 संक्रमित पाए जा चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.