विधानसभा उपचुनाव: गोवा में लहराया भगवा, दिल्ली में अाप प्रत्याशी को मिली जीत
दिल्ली में आप प्रत्याशी को जीत मिली है तो गोवा में भाजपा को जीत मिली है।
नई दिल्ली/पणजी/अमरावती। दिल्ली, गोवा और आंध्र प्रदेश की कुल 4 विधानसभा सीटों पर 23 अगस्त को हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती हो चुकी है। गोवा की पणजी विधानसभा सीट से राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 4,803 वोटों से हराया।
दिल्ली के बवाना विधानसभा उपचुनाव की मतगणना उत्तरी दिल्ली के स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज में हो रही थी। यहां पर आप प्रत्याशी को जीत मिली है। आम आदमी के उम्मीदवार राम चंद्र को 56,178 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के वेद प्रकाश रहे, जिन्होंने 34,501 हासिल किए। कांग्रेस इस बार भी कुछ नहीं कर पाई और 30,758 वोटों के साथ सुरेंद्र कुमार तीसरे नंबर पर रहे हैं। आप पार्टी की ये बड़ी जीत है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस जीत को कार्यकर्ताओं और विधायकों की जीत बताया है। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और विधायकों का धन्यवाद दिया है।
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने पणजी उपचुनाव में 4803 वोटों से जीत हासिल की है।वहीं गोवा की वालपोई सीट पर भाजपा भी विश्वजीत राणे ने जीत हासिल कर ली है।
अमरावती। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले की नंदयाल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे अाज अाएंगे। 23 अगस्त को हुए चुनाव के लिए मतगणना जारी है। दूसरे चरण की मतगणना में तेलगुदेशम पार्टी के उम्मीदवार लगभग 2800 वोटों से आगे चल रहे हैं। बुधवार को हुए चुनाव में इस सीट पर 70 फीसदी मतदान हुआ था। इस सीट पर सत्तारुढ़ टीडीपी और विपक्षी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस के बीच कांटे की लड़ाई है।