Coronavius Updates: कोरोना मामलों के दोगुना होने का समय बढ़कर हआ 17.4 दिन, रफ्तार थमी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब 17.4 दिन में कोरेाना संक्रमण के मामले दोगुना हो रहे हैं जो कुछ हफ्ते पहले 15.4 दिन में दोगुना हो रहे थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले भले ही बढ़ रहे हैं, लेकिन इसकी रफ्तार थामने में बहुत हद तक कामयाबी मिली है। संक्रमित मामलों के दोगुना होने के समय में लगाता सुधार हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब 17.4 दिन में मामले दोगुना हो रहे हैं, जो कुछ हफ्ते पहले 15.4 दिन में दोगुना हो रहे थे। हालांकि, पिछले चौबीस घंटे के दौरान 10 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं और करीब चार सौ लोगों की मौत हो गई है।
लोगों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 49.47 फीसद हुई
मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक लॉकडाउन एक यानी 25 मार्च से पहले संक्रमित मामलों के दोगुना होने का समय 3.4 दिन था। कुछ हफ्ते पहले यह समय सुधरकर 15.4 दिन हो गया था और अब यह 17.4 दिन हो गया है। मंत्रालय ने कहा है कि शुक्रवार सुबह आठ बजे से पहले के चौबीस घंटे में देश में 10,956 नए मामले सामने आए हैं और 396 लोगों की मौत हुई है। संक्रमितों का आंकड़ा 2,97,535 पर पहुंच गया है और अब तक 8,498 लोगों की जान भी जा चुकी है। लेकिन लोगों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 49.47 फीसद हो गई है। अब तक 1,47,194 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले 1,41,842 ही रह गए हैं।
महाराष्ट्र में अब तक 47 हजार से ज्यादा मरीज हुए ठीक
महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया है। सबसे बुरा हाल मुंबई का है, जहां तीन दिनों में 284 लोग कोरोना से मर चुके हैं। शुक्रवार को राज्य में 3,493 नए मामले पाए गए, और 24 घंटे में 127 मरीजों की मौत हो गई। इसमें अकेले मुंबई में 1,366 नए मामले और 90 मौतें शामिल हैं। राज्य में कुल मामले 1,01,141 हो चुके हैं। इनमें एक्टिव मरीज 49,616 हैं और 47,796 मरीज अब तक ठीक भी हुए हैं। मुंबई में कुल मरीजों की संख्या 55,451 है, जिनमें एक्टिव मरीज 28,248 हैं।
तमिलनाडु में 40 हजार से ज्यादा हुए मरीज
महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु में भी कोरोना से स्थिति गंभीर होते जा रही है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 1,982 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 40,698 हो गई है। इस दौरान 18 लोगों की मौत भी हुई है। अब तक राज्य में 367 लोगों की जान जा चुकी है। आंध्र प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़कर 4,402 हो गई है। लेकिन एक्टिव मामले 1,723 ही हैं। वहीं केरल में एक और मरीज की मौत हो गई है और 78 नए मामले पाए गए हैं। राज्य में कुल 1,303 एक्टिव मामले हैं।
गुजरात में 15 हजार से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ
गुजरात में भी मामले बढ़ रहे हैं। लेकिन स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। शुक्रवार को 495 नए मामले मिले तो 392 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। राज्य में अब तक 22,562 संक्रमित सामने आ चुके हैं, जिनमें से 15,501 लोग पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। एक्टिव केस 5,645 हैं। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 31 लोगों की मौत हुई और कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,416 पर पहुंच गया है।