Move to Jagran APP

Coronavirus Update: महाराष्ट्र में बिगड़े हालात, एक दिन में सामने आए 552 नए मामले, जानें क्‍या है देश का हाल

महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात खासकर अहमदाबाद हॉटस्पॉट बनते जा रहा है। महाराष्ट्र में रविवार को 552 नए मामले सामने आए।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Mon, 20 Apr 2020 01:10 AM (IST)Updated: Mon, 20 Apr 2020 07:38 AM (IST)
Coronavirus Update: महाराष्ट्र में बिगड़े हालात, एक दिन में सामने आए 552 नए मामले, जानें क्‍या है देश का हाल
Coronavirus Update: महाराष्ट्र में बिगड़े हालात, एक दिन में सामने आए 552 नए मामले, जानें क्‍या है देश का हाल

नई दिल्ली, जेएनएन। महाराष्ट्र के साथ ही गुजरात, खासकर अहमदाबाद हॉटस्पॉट बनते जा रहा है। महाराष्ट्र में रविवार को 552 नए मामले सामने आए, जो एक दिन में देश के किसी भी राज्य में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। गुजरात भी महाराष्ट्र के रास्ते पर है। यहां भी 367 नए केस सामने आए हैं, जिसमें से 239 मामले अकेले अहमदाबाद में मिले हैं। रविवार को महाराष्ट्र में 12 और गुजरात में 10 लोगों की मौत भी हो गई। अगर हम पूरे देश की बात करें तो रविवार को रिकॉर्ड 15 सौ से ज्यादा नए मामले मिले हैं, यह भी एक दिन में मिले नए मामलों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अभी तक इस महामारी से 519 लोगों की मौत हुई है और 16,116 लोग संक्रमित हुए हैं। 2,231 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह से स्वस्थ भी हुए हैं।

loksabha election banner

महाराष्ट्र में 12, गुजरात में 10 लोगों की मौत 

कोरोना वायरस को लेकर राज्य सरकारों और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में अंतर है। अधिकारियों का कहना है कि राज्यों से आंकड़े मिलने में देरी होती है और आंकड़ों को संकलित करने में भी वक्त लगता है, इसलिए आंकड़ों में यह अंतर आता है। इसके अलावा विभिन्न एजेंसियां राज्यों से सीधे आंकड़े हासिल कर जारी करती रहती हैं। राज्य सरकारों की तरफ से मिली सूचनाओं के मुताबिक मरने वालों का आंकड़ा 538 पर पहुंच गया है। इसमें रविवार को महाराष्ट्र में 12, गुजरात में 10, दिल्ली, राजस्थान, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में दो-दो और उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में एक-एक मौत शामिल है। गुजरात में 10 में से सात मौतें अहमदाबाद में हुई हैं और महानगर में मरने वालों का आंकड़ा 32 हो गया है, जो पूरे राज्य में हुई 63 मौतों का 50 फीसद से भी ज्यादा है। 

म‍हाराष्‍ट्र में सबसे ज्‍यादा मामले 

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 552 नए मामले सामने आए हैं और राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 4,200 पर पहुंच गया है। इसमें से मुंबई में ही 456 मामले शामिल हैं। मुंबई में तीन हजार के करीब संक्रमित हो गए हैं। मुंबई की धारावी बस्ती के शाहू नगर थाने के चार पुलिसकर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं। इन्हें दादर इलाके में आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है।

गुजरात बना नया हॉटस्‍पाट 

गुजरात में 367 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें अहमदाबाद में 239 और सूरत में 89 मामले शामिल हैं। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 1,743 हो गया है। इनमें से अकेले अहमदाबाद में 1102, सूरत में 242 और वडोदरा में 166 संक्रमित शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में 11 सौ हुआ आंकड़ा

उत्तर प्रदेश में 126 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1,100 पर पहुंच गया है। एक हजार से ज्यादा संक्रमित वाला उत्तर प्रदेश देश का सातवां राज्य बन गया है। इससे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में ही हैं। बिहार में सात नए मामले सामने आए हैं और कुल 93 संक्रमित हो गए हैं। मध्य प्रदेश में 39 नए केस मिले हैं और आंकड़ा 1,380 पर पहुंच गया है।

दिल्ली में दो हजार के पार आंकड़ा

राजधानी दिल्ली में संक्रमितों का आंकड़ा 2003 हो गया है। रविवार को 110 नए मामले सामने आए। राजस्थान के भीलवाड़ा ने पूरे देश में बेहतरी की उम्मीद जगाई थी, लेकिन राज्य के दूसरे हिस्सों में ही स्थिति सुधर नहीं रही। यहां मामले बढ़ते ही जा रही हैं। रविवार को भी 127 मामले सामने आए और संक्रमितों की संख 1,478 हो गई। जम्मू-कश्मीर में भी नौ नए केस मिले हैं और आंकड़ा 350 पर पहुंच गया है। पंजाब में 10 ने केस मिले हैं और संक्रमित 244 हो गए हैं। 18 नए मामलों के साथ हरियाणा में मरीजों की संख्या 256 पर पहुंच गई है।

केरल में तेजी से सुधार

देश में सबसे पहले इस महामारी के शिकार होने वाले केरल में हालात तेजी से सुधर रहे हैं। वहां संक्रमित होने वालों से ज्यादा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या है। रविवार को भी सिर्फ दो नए मामले सामने आए, जबकि 13 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। राज्य में अभी तक कुल 401 संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, इनमें से आधे से ज्यादा ठीक हो चुके हैं। लेकिन तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में हालात सुधर नहीं रहे।

तमिलनाडु में 105 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 1,477 हो गई है। आंध्र प्रदेश में भी 44 नए मामले सामने आए हैं और मरीजों का आंकड़ा 647 पर पहुंच गया है। छह नए मामलों के साथ कर्नाटक में मरीजों की संख्या 390 हो गई है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी तीन नए केस मिले हैं और अब तक कुल 15 संक्रमित हो गए हैं। ये तीनों ही उस सरकारी कर्मचारी के परिवार के सदस्य हैं जो तीन दिन पहले संक्रमित पाया गया था।

कोरोना मुक्त होने वाला देश का पहला राज्य बना गोवा

गोवा कोरोना मुक्त होने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। वहां अब एक भी कोरोना से संक्रमित मरीज नहीं। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने रविवार को यह जानकारी दी।

राणे ने ट्वीट कर कहा कि यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि राज्य में अभी कोरोना को कोई मरीज नहीं रह गया है। अपनी जान को जोखिम में डालकर मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर और चिकित्साकर्मियों के आभारी हैं। राज्य में सात कोरोना मरीज थे। लेकिन तीन अप्रैल के बाद से एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

देश में कुल संक्रमित

राज्य संक्रमित

महाराष्ट्र - 4,200

दिल्ली - 2,003

गुजरात - 1,743

तमिलनाडु - 1,477

राजस्थान - 1,431

मध्य प्रदेश - 1,380

उत्तर प्रदेश - 1,100

तेलंगाना - 809

आंध्र प्रदेश - 647

केरल - 401

कर्नाटक - 390

जम्मू-कश्मीर - 350

बंगाल - 282

हरियाणा - 256

पंजाब - 244

बिहार - 93

ओडिशा - 60

उत्तराखंड - 44

हिमाचल प्रदेश - 40

छत्तीसगढ़ - 36

झारखंड - 38

असम - 34

चंडीगढ़ - 21

लद्दाख - 19

अंडमान-निकोबार -15

मेघालय -11

पुडुचेरी - 8

गोवा - 7

मणिपुर - 2

त्रिपुरा - 2

मिजोरम - 1

नगालैंड - 1 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.