देश में थम रही कोरोना की रफ्तार, असम में संक्रमण की दर में सुधार के बाद पाबंदियों में ढील, जानें क्या कहते हैं आंकड़े
असम में भी संक्रमण की दर में सुधार हुआ है। पॉजिटिविटी रेट में सुधार को देखते हुए असम सरकार ने पाबंदियों में ढील दी है। राज्य में आंशिक कर्फ्यू का समय शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है।
नई दिल्ली/गुवाहाटी, एजेंसियां। देश में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में कमी आई है। देश में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 35,499 नए मामले सामने आए हैं जबकि संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,19,69,954 हो गई है। इसी दौरान संक्रमण से 447 और लोगों की मौत भी हुई है जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,28,309 हो गई है। असम में भी संक्रमण की दर में सुधार हुआ है। पॉजिटिविटी रेट में सुधार को देखते हुए असम सरकार ने पाबंदियों में ढील दी है। राज्य में आंशिक कर्फ्यू का समय शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। यह आदेश 10 अगस्त की सुबह 5 बजे से पूरे राज्य में लागू होगा।
As the positivity rate has improved in the State, the partial curfew time will be from 6 PM to 5 AM across the State with effect from 5 AM of August 10th: Government of Assam pic.twitter.com/tiw4bCGuSR
— ANI (@ANI) August 9, 2021
असम में संक्रमण की दर 2.93 फीसद है। राज्य में अभी 9,712 एक्टिव केस हैं जबकि 5,57,654 मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक असम में रविवार को 568 और लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए जिसके बाद राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 5,74,100 हो गई है। सूबे में 15 और संक्रमितों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,387 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने बताया कि कोविड-19 के 1,347 और मरीजों की मौत हुई है लेकिन अभी इसे कुल मृतकों की संख्या में शामिल नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ये मरीज अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में एक्टिव केस कम होकर 4,02,188 हो गए हैं जो कुल मामलों का 1.27 फीसद है। बीते 24 घंटे में एक्टिव केस में 4,634 मरीजों की कमी आई है। मंत्रालय के अनुसार देश में रिकवरी रेट 97.39 फीसद और डेथ रेट 1.34 फीसद है। देश में अब तक कुल 3,11,39,457 लोग संक्रमण को मात दे चुके हैं। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में टेस्टिंग ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट का काम जारी है। अब तक कुल 48,17,67,232 नमूनों की कोरोना जांच की गई है। इनमें से 13,71,871 नमूनों की जांच रविवार को की गई। देश में टीकाकरण का काम भी तेजी से जारी है अब तक कोरोना रोधी टीकों की कुल 50.86 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं।