Coronavirus Test In India: एक दिन में कोरोना टेस्टिंग का रिकॉर्ड 13 लाख तक पहुंचा, जानें कुल आंकड़ा
देश में कोरोना की जांच भी तेज हो गई है। प्रत्येक दिन कोरोना टेस्ट बढ़ रहे हैं। पहली बार देश में एक दिन में 13 लाख तक नमूनों की जांच की गई है। बता दें कि इससे पहले एक दिन में 11 लाख से ज्यादा टेस्ट किए गए थे।
नई दिल्ली, एएनआइ। देश में जिस गति से कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं उसी गति से कोरोना जांच भी तेज हो गई है। एक दिन में कोरोना टेस्टिंग का रिकॉर्ड 13 लाख तक पहुंच गया है। बीते दिन एक दिन में कल 13.8 लाख टेस्ट हुए थे। लगातार कोरोना वायरस कै सैंपल की जांच भी बढ़ रही है। इससे पहले एक दिन में 11 लाख 56 हजार कोरोना सैंपल की जांच की गई थी। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने इसकी जानकारी दी थी। थोड़े दिन पहले एक दिन में 9 लाख 33 हजार 185 सैंपल टेस्ट किए गए थे। 21 सितंबर तक देश में 6 करोड़ 53 लाख 25 हजार 779 नमूनों की जांच हुई थी। बता दें कि 23 सितंबर तक देश में 6,74,36,031 नमूनों का टेस्ट हो चुका है।
24 घंटे में देश में दर्ज हुए 86,052 नए मामले
बता दें कि देश में पिछले 24 घंटे में 86,052 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 1,141 नई मौतें हुई है। कुल मिलाकार देश में संक्रमितों का आंकड़ा 58,18,571 तक पहुंच गया है वहीं मौत का आंकड़ा 9,70,116 तक पहुंच गया है। इसमें से 47,56,165 मरीज ठीक हो चुके हैं।
देश में महाराष्ट्र राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित
बता दें कि देश के महाराष्ट्र राज्य में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 2,75,404 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं यहां 9,73,214 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 34,345 तक जा पहुंचा है।
वैश्विक स्तर पर 3 करोड़ 21 लाख के पार
दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के अनुसार, वैश्विक कोरोनावायरस मामलों की कुल संख्या 32.1 मिलियन यानी की तीन करोड़ 21 लाख को पार पहुंच गई है, जबकि मृत्यु 981,000 से अधिक हो गई है। बता दें कि दुनिया में भारत दूसरा संक्रमित देश है। जबकि शीर्ष स्थान पर अमेरिका बना हुआ है।