Coronavirus Updates: आइटीबीपी छावला कैंप में रखे गए 112 लोगों में संक्रमण की पुष्टि नहीं
पिछले दिनों चीन से वापस लाकर आइटीबीपी छावला कैंप में रखे गए 112 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। चीन में कोरोना वायरस के 79251 मरीज हो गए हैं।
नई दिल्ली, एजेंसियां। पिछले दिनों चीन से वापस लाकर आइटीबीपी छावला कैंप में रखे गए 112 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। आइटीबीपी पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। इसमें 36 विदेशी लोग भी शामिल हैं। बात दें कि इन्हें पिछले दिनों चीन के वुहान से लाया गया था।
कोरोना वायरस को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वैश्विक जोखिम आकलन को 'उच्चतम श्रेणी' में कर दिया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार शुक्रवार को आठ देशों ने इसके पहले मामले की पुष्टि की। इटली में इससे चार और लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ देश में मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। वहीं मरीजों की संख्या 650 से बढ़कर 889 हो गई है। जर्मनी में लगभग 60, फ्रांस में 57 और स्पेन में 32 मामलों की पुष्टि हुई है।
Coronavirus Updates
चीन में 2800 से ज्यादा की मौत
चीन में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 427 नए मामलों की पुष्टि हुई। देश के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। समाचार एजेंसी रायटर्स के अनुसार इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के 79,251 मरीज हो गए हैं। वहीं मरने वालों का आंकड़ा शुक्रवार के अंत तक 2,835 पहुंच गया।
शुक्रवार को 47 लोगों की मौत
देश में शुक्रवार को 47 लोगों की मौत हुई। इनमें से 45 लोगों की मौत हुबेई में हुई, जिनमें से वुहान में 37 लोगों की मौत हुई। वहीं हेनान और बीजिंग में एक-एक लोगों की मौत हुई। शुक्रवार को 2,885 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। गंभीर मामलों की संख्या 288 से घटकर 7,664 हो गई।
दक्षिण कोरिया ने 594 नए कोरोना वायरस मामलों की सूचना दी
आयोग ने बताया कि 1,418 लोग संदिग्ध मामलों की पुष्टि हुई। कुल 39,002 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। 58,233 लोग अभी भी निगरानी में रखे गए हैं। वहीं दक्षिण कोरिया ने 594 नए कोरोना वायरस मामलों की सूचना दी, जिससे देश में कुल आंकड़ा 2,931 हो गया।
ASEAN नेताओं के साथ अमेरिका ने बैठक स्थगित की
अमेरिका ने 14 मार्च को होने वाले दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन ( ASEAN) के नेताओं के साथ एक बैठक को स्थगित करने का फैसला किया है। मामले से परिचित दो अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। नवंबर में बैंकॉक में समूह के साथ एक शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (ASEAN) के नेताओं को लास वेगास में मिलने के लिए आमंत्रित किया था। एक वरिष्ठ प्रशासन अधिकारी ने कहा, 'अंतरर्राष्ट्रीय समुदाय कोरोना वायरस से लड़ रहा। अमेरिका ने इसे देखते हुए आसियान नेताओं के साथ बैठक को स्थगित करने का कठिन निर्णय लिया है।'