Coronavirus in Assam: अब तक 87 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि, 227 लोगों की मौत
असम में अभी तक कोरोना के 87908 मामले सामने आ गए हैं और 227 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 24558 एक्टिव केस है। 63120 लोग डिस्चार्ज हो गए हैं।
गुवाहाटी, पीटीआइ। असम में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस (COVID-19) के 1856 नए मामले सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 36,180 टेस्ट हुए। राज्य में अभी तक कोरोना के 87,908 मामले सामने आ गए हैं और 227 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 24,558 एक्टिव केस है। 63,120 लोग डिस्चार्ज हो गए हैं। अब तक 19,30,764 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत विस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत विस्वा सरमा के अनुसार ज्यादातर नए मामले कामरूप मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में सामने आए हैं, जहां 433 मामलों की पुष्टि हुई। इसके अलावा डिब्रूगढ़ में 150, काछर में 143 और कामरूप ग्रामीण में 121 मामले सामने आए।
राज्य में रिकवरी रेट 73.40 फीसद
धुबरी, बारपेटा, कामरूप ग्रामीण, हैलाकांडी, कछार और डिब्रूगढ़ में संक्रमण से एक-एक लोगों की मौत हुई। राज्य में रिकवरी रेट 73.40 फीसद और डबलिंग रेट 15.8 से बढ़कर 17.7 हो गया है। अब तक असम पुलिस के 3,269 जवान कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वहीं संक्रमण से ठीक होने के बाद 359 मरीजों ने प्लाजमा डोनेट किया है।
देश में कोरोना के 29 लाख से ज्यादा मामले
देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक कोरोना के 29 लाख 75 हजार 702 मामले सामने आ गए हैं और 55 हजार 794 लोगों की मौत हो गई है। छह लाख 97 हजार 330 एक्टिव केस है। 22 लाख 22 हजार 578 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं। वहीं अब तक तीन करोड़ 44 लाख 91 हजार 073 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 74.69 फीसद और डेथ रेट 1.87 फीसद है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के सर्वाधिक 69 हजार 878 मामले सामने आए और 945 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान सर्वाधिक 10 लाख 23 हजार 836 सैंपल टेस्ट हुए हैं।