Move to Jagran APP

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा आठ लाख के करीब, 21 हजार से अधिक की मौत

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 12 से 20 जुलाई तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Fri, 10 Jul 2020 08:47 PM (IST)Updated: Fri, 10 Jul 2020 08:47 PM (IST)
देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा आठ लाख के करीब, 21 हजार से अधिक की मौत
देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा आठ लाख के करीब, 21 हजार से अधिक की मौत

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अहम हथियार माने जा रहे जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को 2,93,659 सैंपल की जांच की गई। अब तक 1,10,24,491 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इसमें करीब आठ लाख लोग संक्रमित पाए गए हैं और 21 हजार से अधिक मरीजों की जान भी चुकी है। पांच लाख के करीब मरीज ठीक भी हो चुके हैं और सक्रिय मामले तीन लाख से कम हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उक्त जानकारियां दी हैं।

loksabha election banner

कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.42 फीसद

मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान रिकॉर्ड 26,506 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 7,93,802 हो गया। इस दौरान 475 लोगों की मौत भी हुई और मृतकों की कुल संख्या 21,604 हो गई है। 4,95,512 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले सिर्फ 2,75,685 ही रह गए हैं। इस तरह कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 62.42 फीसद हो गई है।

चौबीस घंटे के दौरान 475 की मौत

मंत्रालय के मुताबिक संक्रमित मामलों में विदेशी भी शामिल हैं। जबकि, पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुई 475 मौतों में महाराष्ट्र में 219, तमिलनाडु में 65, दिल्ली में 45, बंगाल में 27, उत्तर प्रदेश में 17, कर्नाटक में 16, गुजरात में 15, आंध्र प्रदेश में 13, राजस्थान में नौ और बिहार में आठ मौतें शामिल हैं।

कोरोना संक्रमितों की संख्या 7,94,779

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्त्रोतों से शाम सात बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों की संख्या 7,94,779 है। अब तक 21,664 लोगों की मौत हुई है और 4,97,733 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्त्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्रीय एजेंसी को सूचनाएं मिलने में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर भी जारी कर देती हैं।

महाराष्ट्र के नांदेड़ में 12 से 20 जुलाई तक कर्फ्यू

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 12 से 20 जुलाई तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। जिले में शुक्रवार को 34 नए मामले मिले। अब तक 558 संक्रमित सामने आ चुके हैं। कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी।

तमिलनाडु में 3,680 नए केस, 64 मौतें

तमिलनाडु में शुक्रवार को 3,680 नए मामले सामने आए और 64 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 4,163 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। चेन्नई में लगातार नए मामलों की संख्या कम हो रही है। नए मामलों में से यहां सिर्फ 1,205 केस शामिल हैं। राज्य में अब तक 1,30,261 मामले सामने आ चुके हैं। 1,829 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। राज्य में अब तक 82,324 मरीज पूरी तरह से ठीक होकर घर लौट आए हैं। अब तक 15.29 लाख नमूनों की जांच की गई है। शुक्रवार को 37,309 सैंपल की जांच हुई।

आंध्र प्रदेश में अब तक 11.15 लाख सैंपल की जांच

आंध्र प्रदेश में भी कोरोना मरीजों का पता लगाने के लिए अब तक 11,15,635 सैंपल की जांच की गई है। इसमें से 25,422 लोग अभी तक संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार को 1,608 नए मामले सामने आए और 15 लोगों की मौत हो गई। अब तक 292 लोगों की जा चुकी है। केरल में राज्य सरकार ने तिरुअनंतपुरम में त्रिस्तरीय कफ्र्यू लगा दिया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि पुनथुरा, पुतनपल्ली और मनिक्कविलकम वार्डो में संक्रमण के तेज प्रसार के चलते यह फैसला करना पड़ा है।

असम में रिकॉर्ड 568 नए केस

असम में 568 नए मामले दर्ज किए गए हैं। एक दिन में राज्य में नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। अकेले गुवाहाटी में ही 355 मामले हैं। राज्य में अब तक 14,600 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से 9,147 मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है और 5,423 सक्रिय मामले हैं। 27 लोगों की जान भी जा चुकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.