26/11 के जांचकर्ताओं को नकद पुरस्कार
मुंबई। मुंबई हमलों की जांच में शामिल क्राइम ब्रांच के 46 अधिकारियों को महाराष्ट्र सरकार ने 6.5
मुंबई। मुंबई हमलों की जांच में शामिल क्राइम ब्रांच के 46 अधिकारियों को महाराष्ट्र सरकार ने 6.58 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। महाराष्ट्र गृह विभाग के एक सरकारी प्रस्ताव में कहा गया है कि अगस्त, 2012 में मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण द्वारा नकद पुरस्कारों की घोषणा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। पुख्ता सुबूत उपलब्ध कराने और जांच को बहुत जल्द अंजाम तक पहुंचाने के लिए जांच टीम को पुरस्कृत किया गया है।
जांच टीम ने 90 दिन में 11,750 पेज का आरोपपत्र दायर किया था और अभियोजन पक्ष के वकीलों ने 659 गवाहों को पेश किया था। 46 सदस्यीय जांच टीम का नेतृत्व एटीएस प्रमुख राकेश मारिया [तत्कालीन संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध] और विशेष महानिरीक्षक देवेन भारती [तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध] ने किया था। मारिया, भारती और सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त अशोक दुराफे को श्रेष्ठता प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है। जांच अधिकारी वरिष्ठ इंस्पेक्टर रमेश महाले को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि 11 पुलिस निरीक्षकों, 10 सहायक पुलिस निरीक्षकों, एक सबइंस्पेक्टर और 16 कांस्टेबलों को 40 हजार से पांच हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मालूम हो कि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी कर्मचारी को उसके कुल मासिक वेतन से अधिक का नकद पुरस्कार नहीं दिया जाना चाहिए, लेकिन इस मामले में नियमों में ढील दी गई थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर