विधायक की अयोग्यता पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा बयान, कहा- केवल सदस्यता बचाने के आधार पर नहीं रुकेगी दोषसिद्धि
शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसा होने पर दोषी ठहराया गया हर विधायक दोषसिद्धि पर रोक लगाने के आदेश का स्वत: हकदार हो जाएगा। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने यह टिप्पणी कर्नाटक हाई कोर्ट के 31 जुलाई के आदेश को रद करते हुए की।

दोषसिद्धि पर सिर्फ इसलिए रोक नहीं लगनी चाहिए कि विधायक अयोग्य हो जाएगा : सुप्रीम कोर्ट
HighLights
कहा, अगर ऐसा हुआ तो हर विधायक स्वत: इसका हकदार हो जाएगा
कर्नाटक के पूर्व मंत्री की जमानत रद कर समर्पण करने का दिया आदेश
पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार इस धारणा को गलत बताया कि दोषसिद्धि के फैसले पर सिर्फ इसलिए रोक लगा देनी चाहिए क्योंकि कोई विधायक विधानसभा का सदस्य होने के अयोग्य हो जाएगा।
शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसा होने पर दोषी ठहराया गया हर विधायक दोषसिद्धि पर रोक लगाने के आदेश का स्वत: हकदार हो जाएगा।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने यह टिप्पणी कर्नाटक हाई कोर्ट के 31 जुलाई के आदेश को रद करते हुए की।
हाई कोर्ट ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौदर की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आठ लोगों की सजा निलंबित कर जमानत दी थी। इनमें कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी भी शामिल थे।
शीर्ष अदालत ने कुलकर्णी की जमानत रद करते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा काटने के लिए दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
शीर्ष अदालत ने कहा कि फैसले में कोई बाध्यकारी कारण स्पष्ट किए बिना जघन्य अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को सजा निलंबित करने का लाभ नहीं दिया जा सकता।
पीठ ने कहा, यह गलत धारणा है कि दोषसिद्धि के फैसले पर इसलिए रोक लगा दी जानी चाहिए, क्योंकि दोषी विधानसभा का सदस्य बने रहने के लिए अयोग्य हो जाएगा।
यदि दोषसिद्धि के फैसले पर रोक लगाने की अदालत की शक्ति की ऐसी व्याख्या की जाएगी, तो दोषी ठहराया गया हर विधायक अपने आप दोषसिद्धि पर रोक के आदेश का हकदार हो जाएगा।
फिर ऐसे विधायक विधानसभा के सदस्य बने रहेंगे, अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और आगे के चुनाव लड़ने के पात्र होंगे। जबकि कानून के तहत तय परिणाम अनिवार्य रूप से लागू होने चाहिए।
पीठ ने हाई कोर्ट के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह सुस्थापित है कि दोषसिद्धि के फैसले पर रोक केवल दुर्लभ और असाधारण मामलों में ही लगाई जा सकती है।
ऐसा तभी हो सकता है, जब अदालत आदेश के सभी पहलुओं और उसके प्रभावों की जांच करने के बाद संतुष्ट हो कि दोषी को ऐसे प्रतिकूल परिणाम भुगतने पड़ेंगे जिनकी भरपाई संभव नहीं होगी।
हाई कोर्ट द्वारा दोषियों की सजा निलंबित किए जाने पर पीठ ने कहा, यह गलत धारणा है कि आपराधिक अपील का लंबित होना और निकट भविष्य में उस पर सुनवाई की संभावना कम होना; हत्या, डकैती, दुष्कर्म, फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में सजा निलंबित करने का आधार हो सकता है।
शीर्ष अदालत ने कहा, 'हाई कोर्ट में आपराधिक अपीलों का लंबे समय तक लंबित रहना एक वास्तविकता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि उम्रकैद की सजा पाए व्यक्ति को सजा निलंबित करने का लाभ अपने आप मिल जाएगा।'
पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट में आपराधिक अपीलों की सुनवाई का मुद्दा मुख्य रूप से प्रशासनिक स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि यह उन सैकड़ों अन्य दोषियों की समानता और स्वतंत्रता का भी प्रश्न है, जिन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई है और जो अपनी सजा का बड़ा हिस्सा काट चुके हैं।
पीठ ने कहा कि सजा निलंबित करने का आदेश तभी दिया जा सकता है, जब अपीलीय अदालत को लगता हो कि दोषी के बरी होने की उचित संभावना है; यानी, पहली नजर में उसका मामला बरी किए जाने के पक्ष में मजबूत हो।