विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस-सपा के बीच सीट बंटवारे पर घमासान, राहुल की नई लिस्ट पर अखिलेश चलेंगे कौन-सी चाल?

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:00 PM (IST)

कांग्रेस और सपा के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर गतिरोध जारी है, जिसमें कांग्रेस ने ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश चुनाव कांग्रेस सपा में सीट बंटवारे पर तकरार (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश चुनाव कांग्रेस सपा में सीट बंटवारे पर तकरार (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच आपसी रिश्ते और संवाद चाहे बिल्कुल सहज हों मगर दोनों दलों के बीच उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे की कसरत इतनी सहज होगी शायद ही इसकी गुंजाइश है।

कांग्रेस ने सीट बंटवारे के लिए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में हाई प्रोफाइल पांच सदस्यीय टीम बनाकर इसकी बुनियाद रख दी है।

उत्तरप्रदेश में कांग्रेस ने अपने सर्वे-आकलन के आधार पर 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की दावेदारी जता कर नए फॉर्मूले के अनुरूप सुलह-समझौते की जिम्मेदारी सपा पर डाल दी है। इतना ही नहीं पार्टी ने तालमेल का निर्णय जल्द लेने के लिए भी सपा को दिसंबर मध्य तक की करीब एक महीने की टाइमलाइन दी है।

उत्तरप्रदेश की चुनावी रणनीति से जुड़े कांग्रेस के सूत्रों ने मंगलवार को अनौपचारिक बातचीत में पार्टी की ओर से उन सीटों की सूची सपा नेतृत्व को सौंपे जाने की पुष्टि की जिन पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है। चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस ने जिन 181 सीटों की सूची सौंपी है उसमें करीब दो दर्जन सीटों पर सपा के सीटिंग विधायक हैं।

जाहिर तौर पर सीट बंटवारे की बातचीत में दबाव और लेन-देन की गुंजाइश के लिए रणनीतिक दांव चलते हुए सपा के सीटिंग विधायकों वाली सीटों पर यह दावेदारी जताई गई है।

प्रियंका गांधी और वेणुगोपाल के साथ सीट बंटवारा तय करने के लिए गठित टीम की एक दिन पहले हुई बैठक में सपा से तालमेल की बातचीत और पार्टी की रणनीति की रूपरेखा तय की गई।

उत्तरप्रदेश में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर हुई अब तक की बातचीत से जो रूझान मिले हैं उसके मुताबिक सपा फिलहाल कांग्रेस को अधिकतम 80 सीट देने के ही संकेत दे रही है। जबकि कांग्रेस तीनों अंकों में सम्मानजनक सीटों के साथ समझौता चाहती है।

सीट बंटवारे वाली इस टीम में प्रियंका और वेणुगोपाल के अलावा उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना तथा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं।

कांग्रेस की ओर से अपनी दावेदारी वाली सीटों की सूची सपा को सौंपे जाने की पुष्टि करते हुए पार्टी के एक वरिष्ठ चुनावी रणनीतिकार ने अनौचारिक बातचीत में कहा- हमने अपने जमीनी और राजनीतिक आकलन के आधार पर सीटें चिन्हित कर गेंद सपा के पाले में डाल दी है और इसमें गुंजाइश की बातें इस पर निर्भर करेंगी कि उनकी ओर से क्या प्रस्ताव दिया जाता है। बेशक हम मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे मगर इसका अर्थ यह नहीं होगा कि हम सीटों की संख्या को लेकर उनका एकतरफा प्रस्ताव स्वीकार कर लेंगे।

इस चर्चा के दौरान कांग्रेस रणनीतिकार ने यह संकेत भी दिए कि सपा नेतृत्व से सीट बंटवारे को अंतिम रूप जल्द लेने के लिए कहा गया है। उनके अनुसार उत्तरप्रदेश में सीट बंटवारे का मसला हर हाल में अधिकतम 15 दिसंबर तक कर लेने की कांग्रेस की ओर से एक समय-सीमा सपा को बता दी गई है।

पार्टी रणनीतिकारों ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को भी इसकी जानकारी देकर उनकी मंजूरी ले ली है। सीटों के तालमेल का मामला अंतिम समय तक उलझने से कांग्रेस को कई राज्यों में हुए नुकसान को ध्यान में रखते हुए पार्टी इसमें देरी के पक्ष में नहीं है।

बिहार में सीट बंटवारे का फैसला अंतिम समय में होने से पार्टी और गठबंधन को हुए नुकसान का उदाहरण कांग्रेस के सामने है।

सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर कई तरह के फॉर्मूले को आधार बनाए जाने की चर्चाएं हैं। सपा 2022 के विधानसभा चुनाव के आधार पर तालमेल चाहती है तो कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ उत्तरप्रदेश के वर्तमान राजनीतिक-सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों के कई पहलुओं के आधार पर सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय किए जाने की हिमायती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।