सोनिया गांधी ने दिग्विजय सिंह से छीना गोवा और कर्नाटक का प्रभार
कांग्रेस ने यह कदम ऐसे वक्त पर उठाया है जब गोवा में वह सरकार बनाने के नजदीक पहुंचने के बाद भी सरकार बनाने में असफल रही।
नई दिल्ली, (जेएनएन)। कांग्रेस ने गोवा और कर्नाटक के पार्टी प्रभारी दिग्विजय सिंह को उनके पद से हटा दिया है। गोवा में चेल्ला कुमार को कांग्रेस ने अपना पार्टी प्रभारी बनाया है जबकि के.सी. वेणुगोपाल को कर्नाटक की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने यह कदम ऐसे वक्त पर उठाया है जब गोवा में वह सरकार बनाने के नजदीक पहुंचने के बाद भी सरकार बनाने में असफल रही। जिसके बाद गोवा कांग्रेस में भीतरघात देखने को मिला। तो वहीं, 2018 में कर्नाटक में विधानसभा का चुनाव होने वाला है। गोवा विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। उसके बावजूद सरकार बनाने में असफल रहने पर गोवा प्रभारी के तौर पर दिग्विजय सिंह की काफी आलोचना हुई थी।
18 मार्च को गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लुइजिन्हो फलेइरो ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिग्विजय सिंह और गोवा स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष के.सी. वेणुगोपाल को पार्टी के लिए अक्षम बताते हुए उनके ऊपर करारा हमला किया था।
सरकार बनाने में देरी की वजह का कारण मुख्यमंत्री पद को लेकर गोवा के कांग्रेसी नेताओं में घमासान की ख़बर को बकवास बताते हुए लुइजिन्हो फलेइरो ने कहा कि पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल यानि 21 विधायको का समर्थन हासिल था। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने सुझाव दिया था कि कांग्रेस को राज्यपाल मृदुला सिन्हा की तरफ से सरकार बनाने का निमंत्रण देने की प्रतीक्षा करनी चाहिए।
13 मार्च को दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह सरकार बनाने के लिए छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों का समर्थन मांग रही है जबकि चुनाव में एक मात्र बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस को गोवा की सत्ता से दूर रखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सीएम बता दें किस जेल जाना है, सूटकेस लेकर पहुंच जाऊंगा : हुड्डा