गुजरात संकट: कांग्रेस ने कहा- पार्टी में रहना चाहते हैं बेंगलुरु भेजे गए विधायक
गुजरात में राज्य सभा चुनाव से पहले और कांग्रेस विध्ाायक भाजपा में शामिल ना हो जाएं इस डर से 44 विधायकों को बेंगलुरु भेज दिया गया है।
बेंगलुरु, एएनआइ। गुजरात में राज्य सभा चुनाव से पहले कांग्रेस में खलबली मची हुई है। विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, ऐसे में इसे रोकने के लिए कांग्रेस ने अपने 44 विधायकों को बेंगलुरु भेज दिया है। वहां उन्हें एक रिजॉर्ट में रखा गया है। सोमवार को इस संबंध में कांग्रेस ने कहा कि सभी विधायक पार्टी में शामिल रहने को इच्छुक हैं।
कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने कहा कि विधायक अपनी मर्जी के खिलाफ नहीं रह रहे हैं। वे स्वतंत्र तरीके से रिजॉर्ट के अंदर-बाहर घूम रहे हैं। हमने किसी पर पाबंदी नहीं लगा रखी है।
वहीं भाजपा राज्य अध्यक्ष जीतू वघानी ने आज कहा कि एक आदमी को जिताने के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी नाकाम हो रही है। अब देश में कोई कांग्रेस नेतृत्व नहीं बचा है, क्योंकि इसके खुद के सदस्यों को अपने उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं है।
वघानी ने यह भी कहा कि गुजरात में बाढ़ की स्थिति को लेकर भी कांग्रेस राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। गौरतलब है कि गुजरात में बाढ़ से भारी तबाही मची है। अब तक 186 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों को खरीदने व धमकाने का आरोप लगाया था। हालिया समय में कई कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: शरद यादव ने तोड़ी चुप्पी, कहा- इसलिए नहीं मिला था बिहार में जनादेश