छत्तीसगढ़ में कृषि और आवश्यक वस्तु कानूनों के विरोध में पैदल राजभवन पहुंची कांग्रेस
छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के कृषि और आवश्यक वस्तु से संबंधित तीन कानूनों के विरोध में मंगलवार को रायपुर में पैदल मार्च किया। यह यात्रा राजभवन तक गई। इसमें प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं के साथ विधायक और मंत्री भी शामिल हुए।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के कृषि और आवश्यक वस्तु से संबंधित तीन कानूनों के विरोध में मंगलवार को रायपुर में पैदल मार्च किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुई यह यात्रा राजभवन तक गई। इसमें प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं के साथ विधायक और मंत्री भी शामिल हुए।
कांग्रेस ने राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें पार्टी ने संसद के मानसून सत्र में पारित इन तीनों कानूनों को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने इन कानूनों को काले कानून की संज्ञा दी है। कांग्रेस की यह पद यात्रा दोपहर करीब 12 बजे शंकर नगर स्थित प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से शुरू हुई। इसमें मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, प्रदेशभर से आए संगठन के नेता और पदाधिकारी के साथ कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा घेरे में पद यात्रा
पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में पद यात्रा गौरव पथ होते हुए राजभवन पहुंची। जहां मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ कई विधायक भी शामिल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने राजभवन के सामने सड़क पर बैठककर नारेबाजी भी की।
कांग्रेस सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी
प्रदेश अध्यक्ष मरकाम ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है। जरूरत पड़ी तो सरकार नया कानून बनाने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने को भी तैयार है।
पंचायत मंत्री ने कहा- कृषि कानूनों के जरिए केंद्र ने कार्पोरेट सेक्टर के लिए रास्ता खोल दिया
पंचायत मंत्री सिंहदेव ने कहा कि इन कानूनों के जरिए केंद्र सरकार ने कार्पोरेट सेक्टर के लिए कृषि उत्पादों की खरीदी का रास्ता खोल दिया है। कांग्रेस न्यूनतम समर्थन मूल्य को इस कानून का हिस्सा बनाने की मांग कर रही है।
शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं, मास्क को लेकर भी लापरवाही
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के खतरे के बीच हुए कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कोरोना से बचाव की गाइड लाइन की जमकर अनदेखी हुई। किसी ने भी शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं रखा, जबकि पार्टी के कई नेता पहले पाजिटिव आ चुके हैं। मास्क को लेकर भी बहुत से नेता लापरवाह नजर आए।