बिहार हादसे पर राहुल गांंधी ने जताया शोक, पार्टी कार्यकर्ताओं से की हर संभव मदद की अपील
राहुल गांधी हादसे पर दुख व्यक्त किया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वहां हर संभव मदद करने के लिए कहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। बिहार में बिजली गिरने से हुई 83 लोगों की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है। बिहार मुख्यमंत्री कार्यलय के मुताबिक राज्य में बिजली गिरने से पिछले 24 घंटों में 83 लोगों की मृत्यु हो गई है। राहुल गांधी हादसे पर दुख व्यक्त किया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वहां हर संभव मदद करने के लिए कहा है।
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, "बिहार में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत की खबर मिलने के बाद से मैं सदमे की स्थिति में हूं। भगवान, मृतक के परिवार के सदस्यों को इस नुकसान को सहन करने की शक्ति दे। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करें।"
बता दें कि शुक्रवार को बिहार में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इन घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोग घायल या झुलसे हैं। गोपालगंज जिले में सबसे अधिक 13 लोग मारे गए हैं। सात जिलों में पांच और उससे अधिक लोगों की मौत हुई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन घटनाओं पर दुख जताया है। राज्य सरकार की तरफ से मरने वालों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों में यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं। इसके साथ ही मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूरी दिल्ली और हरियाणा के कुछ इलाकों और पंजाब के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ेगा।