विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस का ज्ञानेश कुमार और वोट चोरी के खिलाफ 'वोट बचाओ, देश बचाओ' आंदोलन का एलान

Published: Mon, 05 Oct 2026 10:22 PM (IST)

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और कथित वोट चोरी के खिलाफ 'वोट बचाओ, देश बचाओ' राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।

वोट चोरी के खिलाफ 'वोट बचाओ, देश बचाओ' आंदोलन का एलान।

वोट चोरी के खिलाफ 'वोट बचाओ, देश बचाओ' आंदोलन का एलान।

HighLights

  1. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए कांग्रेस का आंदोलन।

  2. 'वोट बचाओ, देश बचाओ' राष्ट्रव्यापी अभियान 10 अक्टूबर से शुरू।

  3. 13.5 करोड़ काटे गए मतदाताओं को सूची में फिर जोड़ेंगे।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने तथा एसआईआर के खिलाफ अगले चरणों के बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन ''वोट बचाओ, देश बचाओ'' की घोषणा कर दी है।

इसके तहत 10 अक्टूबर से 26 नवंबर तक पूरे देश में जिला, ब्लॉक ही नहीं गांव-गांव और बूथ-बूथ स्तर तक जाकर वोट चोरी के खिलाफ जनता को जागरूक करते हुए एसआईआर में वोटर लिस्ट से काटे गए करीब साढ़े तेरह करोड़ वोटरों को लिस्ट में शामिल कराने का अभियाान चलाएगी।

एसआईआर के दौरान बाहर किए गए मतदाताओं को ढूंढ़कर वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए कांग्रेस ने देश के 10 लाख बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को ''वोट रक्षक'' के तौर पर उतारने का भी एलान किया है।

INDI गठबंधन की महारैली करने की घोषणा 

वहीं सीईसी को हटाने तथा वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग तथा मोदी सरकार की घेरेबंदी के लिए कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी INDI गठबंधन की महारैली करने की घोषणा भी कर दी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, पार्टी महासचिवों और राज्यों के प्रभारियों की सोमवार को पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में दो घंटे से अधिक चली बैठक में सीईसी के खिलाफ जन आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाने का अहम फैसला हुआ।

बैठक में हुए फैसले की जानकारी पत्रकारों से साझा करते हुए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पहले चरण में दो से आठ अक्टूबर तक पार्टी INDI गठबंधन के साथ मिलकर सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के खिलाफ आंदोलन कर रही है और इस क्रम में मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग तक सांसदों का शांति मार्च निकाला जाएगा।

'वोट बचाओ, देश बचाओ' का राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाएगी कांग्रेस

जबकि दूसरे चरण में 10 से 20 अक्टूबर के बीच कांग्रेस ''वोट बचाओ, देश बचाओ'' का राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाएगी जिसमें ब्लॉक स्तर पर पूरे देश में पदयात्रा, बाइक रैली और साइकिल रैली के जरिए चुनावों में हो रही वोट चोरी को उजागर किया जाएगा।

वेणुगोपाल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर ही नहीं उत्सव समारोहों में भी वोट चोरी से जुड़े पर्चे लोगों के बीच बांटेगी और इस दौरान ज्ञानेश कुमार के पुतले भी दहन किए जाएंगे। वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन को जारी रखते हुए कांग्रेस 25 अक्टूबर से 26 नवंबर के बीच एक महीने तक तीसरे चरण के आंदोलन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक ले जाएगी।

वेणुगोपाल ने कहा कि गांव-गांव के स्तर पर वोट चोरी के खिलाफ पार्टी चौपाल लगाएगी तो कांग्रेस के वोट रक्षक हर बूथ पर एसआईआर में काटे गए मतदाताओं को न केवल ढूंढ़ने जाएंगे बल्कि फिर से उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास करेंगे।

कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि करीब 10 लाख देश भर में बूथ हैं और पार्टी का पूरा प्रयास होगा कि वोट रक्षक एसआईआर में काटे गए 13.50 करोड़ मतदाताओं को ढूंढ़कर उनके वोट दोबारा शामिल करा सकें।

संविधान दिवस 26 नवंबर को ''दिल्ली चलो'' की छह यात्राओं के राजधानी पहुंचने के बड़े कार्यक्रम से तीसरे चरण के आंदोलन का समापन होगा।

जयराम ने कहा कि हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में छह जगहों से बाइक और अन्य वाहनों से ज्ञानेश कुमार को हटाने का आहृवान तेज करते हुए 25 नवंबर को यह रैलियां निकाली जाएंगी।