विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अपनी सीट छोड़कर शरद पवार को सांसद बनाया था', परिसीमन बिल पर NCP-SP के यू टर्न से भड़की कांग्रेस

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:14 AM (GMT+05:30)

एनसीपी (एसपी) द्वारा परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी पर निशाना साधा है। 

परिसीमन विधेयक पर सरकार को समर्थन देने को लेकर कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी पर साधा निशाना। (फाइल फोटो।)

परिसीमन विधेयक पर सरकार को समर्थन देने को लेकर कांग्रेस ने शरद पवार की पार्टी पर साधा निशाना। (फाइल फोटो।)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शीतकालीन सत्र से पहले केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र के दौरान परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी है। इन विधेयकों को लेकर सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने विपक्षी पार्टियों से लगातार बातचीत की है क्योंकि पिछले सत्र के दौरान विधेयक पास नहीं सके थे।

डीएमके के साथ-साथ एनसीपी (एसपी) ने भी कहा है कि परिसीमन विधेयक को लेकर वह इंडी गठबंधन के साथ नहीं है। सदन में सरकार का पक्ष में वोटिंग की जाएगी। शरद पवार की पार्टी के इस स्टैंड को लेकर कांग्रेस ने उनपर तंज कसा है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स के जरिए एनसीपी-एसपी पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने क्या कहा?

महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस पार्टी ने 85 साल की उम्र में शरद पवार को फिर से राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक उनका मजबूती से साथ दिया… मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे। किसी उम्मीदवार को चुने जाने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 विधायक थे, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।"

पार्टी ने आगे लिखा, "सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दे दी। कांग्रेस ने अपनी सीट पर अपना दावा छोड़ दिया और शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। इसके बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी उनका समर्थन किया और महा विकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी।"

कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा, "और अब आगे क्या? परिसीमन कानून की पृष्ठभूमि में शरद पवार, सुप्रिया सुले और उनकी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अब बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं।"

परिसीमन पर एनसीपी (एसपी) ने किया सरकार का समर्थन

कांग्रेस ने यह आलोचना की है जब शुक्रवार को एनसीपी (एसपी) नेता जितेंद्र आव्हाड ने घोषणा की कि उनकी पार्टी प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद पवार के साथ चर्चा के बाद इसे एक संवैधानिक आवश्यकता बताया।

पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए आव्हाड ने कहा कि यह चर्चा किसी औपचारिक राजनीतिक स्टैंड के बारे में नहीं थी, बल्कि इस प्रक्रिया की संवैधानिक प्रकृति के बारे में थी। उन्होंने कहा, "कुल मिलाकर बात यह कही जा रही थी कि परिसीमन प्रक्रिया एक संवैधानिक आवश्यकता है... परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का निर्णय लिया गया है और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे। हम परिसीमन का समर्थन करेंगे।"

वहीं, हाल के दिनों में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया सुले का रुख कुछ नरम पड़ता दिख रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी पार्टी इस विधेयक का सीधे तौर पर विरोध करने के बजाय इस पर विचार करने के लिए तैयार है। 26 नवंबर को सुले ने कहा कि विधेयक के प्रावधानों की जांच किए बिना उसे खारिज करना जल्दबाजी होगी और उन्होंने जोड़ा कि इसमें देश के लिए फायदेमंद उपाय हो सकते हैं।

उन्होंने विपक्षी दलों से आग्रह किया कि वे किसी कानून का विरोध सिर्फ इसलिए न करें कि उसे सत्ताधारी सरकार ने पेश किया है। इसके बजाय उन्होंने रचनात्मक सुझाव देने और कानून के प्रावधानों का गहन मूल्यांकन करने की अपील की। सुले ने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी राजनीतिक दलों को अपना रुख तय करने से पहले प्रस्तावित कानून का पूरा विवरण मिल जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: कनीमोझी बनीं सूत्रधार, साल भर चली बातचीत... परिसीमन बिल पर BJP और DMK के बीच डील की इनसाइड स्टोरी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।