विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2014 में 21 का मिलने वाला आटा अब 69 का क्यों? महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार से मांगा श्वेत-पत्र

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:19 PM (IST)

कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर चिंता जताई ...और पढ़ें

महंगाई पर कांग्रेस ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र (फाइल फोटो)

महंगाई पर कांग्रेस ने सरकार से मांगा श्वेत पत्र (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई पर सरकार की आर्थिक नीतियों पर चिंता जताई।

  2. आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि का हवाला दिया।

  3. सरकार से महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी की जेब पर पड़ते भार पर चिंता जताते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा है।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इस मुद्दे को उठाते हुए दावा किया कि खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में हुई वृद्धि के आंकड़ों का हवाला देते हुए महंगाई पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने तथा आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की तरक्की उनके भाषणों की लंबाई से नहीं बल्कि आम लोगों की थाली में मौजूद भोजन और उनकी जेब में बचे पैसों से मापी जाएगी। साथ ही आरोप लगाया कि 2014 में महंगाई कम करने का वादा किया लेकिन आज हालात है कि आम आदमी की थाली छोटी, जेब खाली और घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

महंगाई से जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में हुई वृद्धि के कुछ आंकड़े देते हुए खरगे ने एक्स पोस्ट में कहा कि आटा वर्ष 2014 में 21 रुपए से था जो अब बढ़कर 69 रुपए, अरहर दाल 75 से 180 रुपए, सरसो तेल 102 से 263 रुपए दूध 36 से 85 रुपए और चावल के दाम 29 से बढ़कर 71 रुपए पहुंच गए हैं।

अक्टूबर में खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत और थोक महंगाई 12.29 प्रतिशत तक पहुंच गई है। खरगे ने कहा कि एक सर्वे के मुताबिक 61 प्रतिशत परिवारों का घरेलू जरूरतों पर मासिक खर्च पिछले साल से 20 फीसद से अधिक बढ़ गया है। 74 प्रतिशत लोगों को गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।

कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पोस्ट में कहा कि कीमतें बढ़ने का दबाव केवल उपभोक्ताओं की जेब तक सीमित नहीं, बल्कि उत्पादन और कारोबार की लागत पर भी पड़ रहा है।

रिजर्व बैंक के रेपो रेट बढ़ाने के बाद कई बैंकों ने होम लोन समेत दूसरे कर्जों की ब्याज दरें बढ़ा दीं इसलिए पीएम श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कब तक महंगाई की दोहरी मार झेलता रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।