Move to Jagran APP

कृषि कानूनों पर कांग्रेस का पलटवार, सुरजेवाला ने कहा- भ्रम फैलाने और बरगलाने में जुटे नड्डा

कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि किसानों के मसले सुलझाने के बजाय भाजपा नेतृत्व और सरकार भ्रम फैलाकर सच्चाई पर पर्दा डालना चाहती है। किसानों की स्थिति पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुप रहने को लेकर भी सवाल उठाया।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sun, 27 Dec 2020 09:25 PM (IST)Updated: Sun, 27 Dec 2020 09:25 PM (IST)
किसानों के मसले सुलझाने के बजाय भाजपा नेतृत्व और सरकार भ्रम फैलाकर सच्चाई पर पर्दा डालना चाहती है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने राहुल गांधी पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के हमले के बाद पलटवार करते हुए उन पर भ्रम फैलाने और बरगलाने का आरोप लगाया है। पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि किसानों के मसले सुलझाने के बजाय भाजपा नेतृत्व और सरकार भ्रम फैलाकर सच्चाई पर पर्दा डालना चाहती है। पार्टी ने ठंड में भी कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन को विवश किसानों की स्थिति पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुप रहने को लेकर भी सवाल उठाया।

loksabha election banner

कृषि क्षेत्र में सुधार तो कांग्रेस भी चाहती, लेकिन काले कानूनों के जरिये नहीं: सुरजेवाला

सुरजेवाला ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा अध्यक्ष बरगलाने से पहले ये तो जान लेते कि आलू का एमएसपी नहीं होता। और कृषि क्षेत्र में सुधार तो हम भी चाहते हैं, पर तीन काले कानूनों के जरिये किसानों पर जो हमला किया गया है, सवाल उसका है। सुरजेवाला ने कृषि कानूनों को लेकर नड्डा पर वार करने के साथ ही यह भी पूछा कि देश के किसानों को छोड़कर सरकार 10 लाख टन आलू विदेश से क्यों आयात कर रही है?

कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग के समर्थन में कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग के समर्थन में जंतर मंतर पर धरना दे रहे पंजाब के अपने सांसदों और विधायकों के जरिये भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कड़ाके की ठंड में जिंदगी दांव पर लगा कानूनों को हटाने की मांग कर रहे किसानों के मन की बात प्रधानमंत्री नहीं सुन रहे और केवल अपने मन की बात सुना रहे।

लोकतंत्र में सरकारें जनता के लिए होती हैं, मगर मोदी सरकार राजहठ पर अड़ी

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के लिए होती हैं और जनाकांक्षा का सम्मान किया जाता है। मगर मोदी सरकार राजहठ पर अड़ी है। रवनीत ने कहा कि सरकार को इस गफलत में नहीं रहना चाहिए कि किसानों की मांग की अनदेखी कर उनकी आवाज को दबा दिया जाएगा। तीनों कृषि कानूनों को रद करने का सरकार जब तक भरोसा नहीं देती तब तक किसान डटे रहेंगे।

निजी दौर पर विदेश गए राहुल

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन की राजनीतिक लड़ाई लड़ रही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी की स्थापना दिवस से एक दिन पहले ही विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि राहुल निजी दौरे पर इटली के मिलान शहर के लिए कतर एयरवेज की उड़ान से रविवार को दिल्ली से रवाना हुए। कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव की चल रही तैयारियों के बीच राहुल की विदेश यात्रा को लेकर पार्टी की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। समझा जाता है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष की यह यात्रा हफ्ते भर की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.