विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद की विशेष बैठक को कांग्रेस ने बताया संविधान पर हमला, आज रणनीति समूह की बैठक

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:59 PM (IST)

कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र को संविधान पर हमला करार दिया है और आज सोनिया गांधी के आवास पर संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। 

संसद की विशेष बैठक को कांग्रेस ने बताया संविधान पर हमला।  (फाइल)

संसद की विशेष बैठक को कांग्रेस ने बताया संविधान पर हमला। (फाइल)

HighLights

  1. कांग्रेस ने विशेष संसद सत्र को संविधान पर हमला बताया।

  2. सोनिया गांधी के आवास पर संसदीय रणनीति समूह की बैठक।

  3. महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन पर होगी चर्चा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद की विशेष बैठक बुलाने के सरकार के कदम को कांग्रेस ने संविधान पर हमला करार दिया है। पार्टी ने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक के अहम मुद्दे पर चर्चा के लिए शुक्रवार शाम अपने संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर होगी।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक्स पर कहा, '14 अप्रैल, 2026 को आंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था। 17 अप्रैल, 2026 की रात वे उनके उचित अंजाम तक पहुंच गए। ऑपरेशन लोटस के 105 दिन बाद अब संविधान दिवस पर मोदी सरकार ने विशेष सत्र की घोषणा की है। उसे उम्मीद है कि संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए उसे बेहद दागदार दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा। क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है? लड़ाई जारी है।'

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी बेहद कम समय के नोटिस पर दोनों सदनों को फिर बुलाने के लिए सरकार की आलोचना की।

उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, 'यह अनुरोध संसद नामक संस्था का मजाक उड़ाता है। अब संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने का समय है। विशेष सत्र, सत्रों के बीच की अवधि में बैठक बुलाने का तरीका है। यह नियमित शीतकालीन सत्र का न तो विकल्प बन सकता है और न ही बनना चाहिए। नियमित शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुलाया जाता? सरकार चाहे तो पहले खारिज हो चुके विधेयकों को फिर से ला सकती है।'

कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने भी 'एक्स' पर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, 'क्या गद्दार तैयार हैं?' उनका इशारा पूर्व सहयोगी दल द्रमुक के संदर्भ में थी।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।