बायोगैस के जनक डॉ. राम बक्स सिंह को श्रद्धांजलि, स्मारक डाक टिकट जारी
केंद्र सरकार ने बायोगैस प्रौद्योगिकी के जनक डॉ. राम बक्स सिंह के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया है। ...और पढ़ें

डॉ. राम बक्स सिंह के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बायोगैस प्रौद्योगिकी के अग्रदूत और ‘आधुनिक बायोगैस के जनक’ के रूप में विख्यात दिवंगत डॉ. राम बक्स सिंह के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किए हैं।
डॉ. राम बक्स ने भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बायोगैस तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी योगदान दिया। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में उत्तर प्रदेश के अजीतमल में एशिया के पहले गोबर गैस अनुसंधान केंद्र की स्थापना एवं विकास में योगदान शामिल है।
स्मारक डाक टिकट 13 नवंबर को एक कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने जारी किए। इस अवसर पर ‘कम्प्लीट गाइड टू बायोगैस - रिन्यूएबल एनर्जी फ्राम वेस्ट: फीचरिंग द लेगेसी ऑफ डॉ. राम बक्स सिंह’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
डॉ. राम बक्स के पुत्र राजेंद्र सिंह के अनुसार, इस पुस्तक में बायोगैस प्रौद्योगिकी, जैविक कचरे से नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन तथा डा. राम बक्स के जीवन, शोध कार्यों और उनके अग्रणी योगदान को रेखांकित किया गया है।
राजेंद्र ने कहा, यह स्मारक डाक टिकट केवल विज्ञानी को श्रद्धांजलि नहीं है बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, ग्रामीण विकास, ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सतत विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।
ऐसे समय में जब दुनिया ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है, डा. राम बक्स सिंह का कार्य पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक प्रतीत होता है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)