Weather Forecast Today: शीतलहर की चपेट में दिल्ली, तीन दिन तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानें- अन्य राज्यों का हाल
राजधानी दिल्ली में 31 दिसंबर को कड़ाके की ठंड पड़ने की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिन न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। राजस्थान में ज्यादातर इलाकों में 3 दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया जा चुका है।
नई दिल्ली, एजेंसी। पहाड़ों पर लगातार हो रहे हिमपात के कारण दिल्ली और आसपास के राज्यों समेत पूरा उत्तर भारत एक बार फिर शीतलहर की चपेट में है। इस वजह से मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ जिलों में तापमान शून्य या शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक दिल्ली शीतलहर की चपेट में रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को सुबह में कोहरा होगा और शीतलहर के कारण अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 दिसंबर और एक जनवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दोनों दिन सुबह के समय घना कोहरा होगा। 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। वहीं, तीन और चार जनवरी को हल्की बारिश भी हो सकती है।
हरियाणा में पारा शून्य पर, खेतों का पानी भी बना बर्फ
हिसार का तापमान मंगलवार को शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, हिसार से सटे राजस्थान के चुरू में तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यह पहाड़ी राज्यों को छोड़कर उत्तर भारत के शहरों में सबसे कम तापमान है। हरियाणा के नारनौल में भी तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बर्फबारी और कोहरे ने थामी पहाड़ों में जिंदगी की रफ्तार
जम्मू-कश्मीर के उच्चपर्वतीय इलाकों के साथ श्रीनगर समेत कई निचले इलाकों में भी मंगलवार तड़के बर्फबारी शुरू हो गई। वहीं, जम्मू समेत मैदानी इलाकों में दिनभर कोहरे का पहरा रहा। कड़ाके की ठंड के बीच बर्फबारी और कोहरे से जनजीवन भी प्रभावित रहा। धुंध के कारण जम्मू आने वाली 19 उड़ानों में से 18 रद हो गई। वहीं, रेल सेवा और सड़क यातायात पर भी कोहरे की मार पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चौबीस घंटों के दौरान भी कश्मीर के कई स्थानों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तराखंड में नववर्ष का स्वागत कड़ाके की ठंड के बीच होगा। यहां भी कई इलाकों में तापमान शून्य डिग्री के आसपास ही बना हुआ है।
हिमाचल में आठ स्थानों का तापमान जमाव बिंदु से नीचे
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को आठ स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। हिमपात के बाद सीजन में पहली बार डलहौजी में अधिकतम तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। ऐसे में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान भी जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है।
जयपुर समेत 14 जिलों में शीतलहर चलेगी
मौसम विभाग ने जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, अजमेर, बूंदी, दौसा और झालावाड़ में तेज शीतलहर का असर रहने का अनुमान जारी किया है। अगले 3-4 दिनों में कई शहरों में रात का तापमान 4 से 6 डिग्री तक लुढ़क सकता है। ज्यादातर इलाकों में 3 दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी किया जा चुका है।
गुजरात में रात का पारा 4 डिग्री लुढ़का
उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से सूरत में ठंड फिर से लौट आई है। आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में 2 डिग्री और मिनिमम टेम्परेचर में 4 डिग्री की गिरावट आई है। पारा लुढ़कने से दिन में भी ठंडक का अहसास हुआ।
पंजाब में अगले 48 घंटे कोल्ड डे, शीतलहर चलेगी
पहाड़ों से चली बर्फीली हवाओं के चलते पंजाब के तापमान में औसत 4 डिग्री की गिरावट आ गई। बठिंडा में रात का तापमान 1.5 डिग्री रह गया, जबकि दिन में पारा 14 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। फिरोजपुर में रात का पारा 2.4 डिग्री और दिन का पारा 12 डिग्री रहा। राज्य में आने वाले 48 घंटे में गहरी धुंध छाने का अलर्ट जारी किया गया है।