यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Queen Elizabeth Demise: महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद कोडनेम 'London Bridge is Down' करने लगा ट्रेंड, क्या है इसका मतलब
ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को 96 वर्ष की उम्र में ...और पढ़ें

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शाही परिवार की ओर से जारी बयान के मुताबिक महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन गुरुवार को दोपहर बालमोराल (Balmoral) में हुआ। महारानी एलिजाबेथ 70 साल तक ब्रिटेन की महारानी रहीं और उन्होंने 15 प्रधानमंत्रियों का कार्यकाल देखा। महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद ऑपरेशन लंदन ब्रिज (Operation London Bridge) सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। आइए जानें आखिर क्या है ऑपरेशन लंदन ब्रिज...
www.forbes.com के अनुसार ऑपरेशन लंदन ब्रिज महारानी एलिजाबेथ की मृत्यु के बाद लागू की जाने वाली योजनाओं का कोडनेम है। फोर्ब्स की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद क्या होगा, इसका एक पूरा प्लान ब्रिटेन की सरकार की तरफ से पूर्व निर्धारित है। इसको एक कोडनेम दिया गया है। ऑपरेशन लंदन ब्रिज के नाम से चर्चित यह कोड गोपनीय था लेकिन कुछ साल पहले इसके बारे में जानकारियां सार्वजनिक हो गईं।
वर्ष 2017 में वायरल हुए 'द गार्जियन' (The Guardian) के एक अंश के मुताबिक जब महारानी की मृत्यु हो जाएगी तो उनके निजी सचिव एडवर्ड यंग (Edward Young) सबसे पहले उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारियों को सूचित करेंगे। पिछले साल पोलिटिको को मिले इन योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, 'लंदन ब्रिज इज डाउन' (London Bridge is down) नाम के कोडनेम के जरिए सरकार को महारानी के निधन का संदेश भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री को फोन कॉल के जरिए सूचित किया जाएगा कि 'लंदन ब्रिज इज डाउन' यानी महारानी अब नहीं रहीं...
इसके बाद शाही परिवार महारानी के पार्थिव देह के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट जाएगा। प्रिंस चार्ल्स को नया उत्तराधिकारी घोषित कर दिया जाएगा। वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, महारानी के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार की यात्रा का प्रबंधन करने के लिए एक विशाल सुरक्षा अभियान की योजना बनाई गई है। मालूम हो कि 65 साल पहले जब महाराजा जॉर्ज षष्ठम का निधन हुआ था तब 'हाइड पार्क कॉर्नर' नाम के कोडनेम का इस्तेमाल किया गया था। फोर्ब्स के अनुसार साल 2017 में 'द गार्जियन' ने एक लेख प्रकाशित किया था जिसमें चार्ल्स को कैसे नया राजा घोषित किया जाएगा, इस बारे में योजना का जिक्र है।
