तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में बच्चा पैदा होने पर मिलेगी सोने की अंगूठी, CM विजय ने की योजना की शुरुआत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने नवजात शिशुओं के लिए 'मातृ-मामा स्वर्ण अंगूठी योजना' शुरू की, जिसके तहत उन्हें 22-कैरेट की एक-ग्राम सोने की अंगूठी मिलेगी।
HighLights
सीएम विजय ने 'मातृ-मामा स्वर्ण अंगूठी योजना' का शुभारंभ किया।
नवजात शिशुओं को 22-कैरेट की एक-ग्राम सोने की अंगूठी मिलेगी।
योजना का बजट 755.83 करोड़ रुपये, माताओं को प्रोत्साहन।
डिजिटल डेस्क, मदुरै। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य के नवजात शिशुओं के लिए एक अनूठी योजना की शुरुआत की। सीएम ने मातृ-मामा स्वर्ण अंगूठी योजना की शुरुआत की।
इस योजना के तहत नवजात शिशुओं को 22-कैरेट की एक-ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। इस योजना के शुरुआत के साथ ही सीएम ने चुनाव के दौरान किए अपने एक वादे को पूरा किया।
बच्चों को गोद में लेकर पहनाईं अंगूठी
मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विजय ने स्वयं इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कुछ देर तक नवजात बच्चों को अपनी गोद में लिया और उनके साथ खेलते हुए उन्हें अंगूठियां गिफ्ट के तौर पर दीं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा चाक-चौबंद रही और हवाई अड्डे से लेकर अस्पताल तक पुलिस ने पांच स्तरीय सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए थे।
755.83 करोड़ रुपए का बजट
राज्य सरकार ने इस कल्याणकारी योजना के लिए भारी-भरकम बजट तय किया है, सरकार ने योजना के कार्यान्वयन के लिए 755.83 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है।
शुरुआती चरण के लिए राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां पहले ही खरीद ली हैं।
यह योजना 22 जून, 2026 या उसके बाद पैदा होने वाले उन सभी पात्र बच्चों पर लागू होगी, जिनकी माताएं तमिलनाडु की मूल निवासी हैं।
राज्यसरकार का कहना है कि इस कल्याणकारी योजना का मुख्य मकसद मातृत्व और महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा देना और महिलाओं के प्रति जागरुकता बढ़ाना है।
साथ ही इस योजना के कारण लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से भी जुड़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
यह भी पढ़ें- जिस घर में गूंजने वाली थी नन्हे मेहमान की किलकारी, वहां छाया मातम; हादसे में एक माह पहले तमिलनाडु से लौटे युवक की मौत
