विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस घर में गूंजने वाली थी नन्हे मेहमान की किलकारी, वहां छाया मातम; हादसे में एक माह पहले तमिलनाडु से लौटे युवक की मौत

Published: Sun, 27 Sep 2026 10:01 PM (IST)

जगन्नाथपुर में तेज रफ्तार पल्सर बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ...और पढ़ें

जैंतगढ़-सिरिंगसिया मुख्य मार्ग पर तोडांगहातु एस मोड़ के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे एक अनियंत्रत बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जैंतगढ़-सिरिंगसिया मुख्य मार्ग पर तोडांगहातु एस मोड़ के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे एक अनियंत्रत बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

HighLights

  1. तमिलनाडु से लौटे जोंडको हेम्ब्रम की गर्भवती पत्नी पर दुखों का पहाड़।

  2. सामाजिक कार्यकर्ता ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, पुलिस ने शव कब्जे में लिया।

संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर। घर जल्दी पहुंचने की होड़ और तेज रफ्तार बाइक का सफर तीन युवकों के लिए काल बन गया। जैंतगढ़-सिरिंगसिया मुख्य मार्ग पर तोडांगहातु एस मोड़ के समीप शनिवार रात करीब आठ बजे एक अनियंत्रित पल्सर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 
 
इस दर्दनाक हादसे में बाइक के बीच में बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
 
मिली जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काकुईता गांव (मरांगसाई टोला) निवासी सुरज हेम्ब्रम, राउड़ी हेम्ब्रम और जोंडको हेम्ब्रम बलियापोसी के राईकासाई में आयोजित फुटबॉल मैच देखने गए थे। 
 
मैच समाप्त होने के बाद तीनों एक ही पल्सर बाइक पर सवार होकर अपने गाँव लौट रहे थे। घर पहुंचने में देरी न हो, इस जल्दबाजी में बाइक काफी तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। 
 
इसी दौरान तोडांगहातु के खतरनाक एस मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक के बीच में बैठे जोंडको हेम्ब्रम (पिता: रुपा हेम्ब्रम) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 
 
जोंडको शादीशुदा था और करीब एक माह पूर्व ही तमिलनाडु से मजदूरी कर घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
 
दुर्घटना के बाद दोनों घायल सड़क पर तड़प रहे थे। इसी बीच जगन्नाथपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सुरज गुप्ता वहां से गुजरे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अपनी बाइक से जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
 
घटना की सूचना ग्रामीण मुंडा समियाल सतारी सिंकू तथा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।