पार्क बना नहीं, कूड़ेदान जरूर बन गया
कस्बे के बीचोंबीच बहने वाली रणवीर नहर किनारे पार्क बनाने का प्रस्ताव तो सिरे चढ़ा नहीं, अब यह स्थान कचरा फेंकने का स्थल बनकर जरूर रह गया है। यहां पर फैली गंदगी हर किसी का मुंह चिढ़ाने के साथ प्रशासनिक अनदेखी की भी पोल खोल रही है।
संवाद सहयोगी, बिश्नाह। कस्बे के बीचोंबीच बहने वाली रणवीर नहर किनारे पार्क बनाने का प्रस्ताव तो सिरे चढ़ा नहीं, अब यह स्थान कचरा फेंकने का स्थल बनकर जरूर रह गया है। यहां पर फैली गंदगी हर किसी का मुंह चिढ़ाने के साथ प्रशासनिक अनदेखी की भी पोल खोल रही है।
बिश्नाह की वार्ड नंबर एक, दो, चार, छह और आठ तक नगर पालिका ने इस स्थान पर पार्क, सैरगाह बनाने का प्रस्ताव बनाया था, लेकिन यह सिरे नहीं चढ़ा। मौजूदा स्थिति यह है कि यह स्थल कचरा फेंकने का ठिकाना बन गया है। हालत यह है कि इसके नजदीक से गुजरना भी मुश्किल होने लगा है। यहां लगे कचरे के ढेर उठाने में कोई सक्रियता नहीं दिखाई जा रही है। यह हालत तब है जब देशभर में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। जम्मू में भी अधिकारियों, नौकरशाहों ने इसका समर्थन किया है। लोग भी आगे आए हैं, लेकिन यहां इसका असर नहीं दिख रहा है। आम लोग परेशान हैं। लोग चाहते हैं बिना देरी इस कचरे को उठा कर यहां पार्क बनाने की योजना को अमलीजामा पहनाया जाए। म्यूनिसिपल कमेटी को भी बिना देरी यहां विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए।
'इलाके में कोई भी पार्क नहीं है। लिहाजा लोग चाहते हैं कि नहर किनारे पार्क विकसित किया जाए।'
-चंद्रमणि
'पार्क तो बना नहीं, उल्टा इस जगह को कचरा स्थल बना दिया गया। कमेटी को बिना देरी प्रभावी कदम उठाने चाहिए।'
-सुरेंद्र कुमार
'सरकारी अनदेखी के चलते क्षेत्र कचरे से पटा पड़ा है। कमेटी को विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए।'
-पिंटू शर्मा
'इच्छाशक्ति के अभाव में यहां कचरे के ढेर लगे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को सक्रियता दिखानी चाहिए।'
-अजय कुमार
'यहां पार्क बनाने का प्रस्ताव अधिकारियों को भेजा गया है। उम्मीद कर सकते हैं कि इसे मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद यहां गंदगी भी नहीं दिखेगी।'
-नानक सिंह, कार्यकारी अधिकारी, म्यूनिसिपल कमेटी