कर्नाटक में चाइनीज मांझे से कटा बाइक सवार का गला, बेटी को आखिरी कॉल कर तोड़ा दम
कर्नाटक के बीदर में 48 वर्षीय संजू कुमार होसामणि की जानलेवा नायलॉन पतंग की डोर से गला कटने के कारण ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक जानलेवा पतंग की डोर ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बीदर जिले में सड़क पर खिंची नायलॉन की पतंग की डोर से गला कटने के बाद 48 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। नायलॉन पतंग की डोर को चाइनीज मांझा भी कहा जाता है, जो बेहद खतरनाक होता है।
मृतक की पहचान संजू कुमार होसामणि के रूप में हुई है। वह बीदर जिले के तलामदगी ब्रिज के पास सड़क पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सड़क के बीच खिंची एक पतंग की डोर उनके गले में फंस गई। डोर इतनी तेज धी कि उनके गले में गहरा कट लग गया और खून बहने लगा।
देर से पहुंची एंबुलेंस
गंभीर हालत में होसामणि बाइक से गिर पड़े। इसके बावजूद उन्होंने किसी तरह अपने मोबाइल से अपनी बेटी का नंबर मिलाने की कोशिश की। सामने आए एक वीडियो में वह खून से लथपथ हालत में फोन मिलाते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान वहां से गुजर रहे एक आदमी ने होसामणि को गंभीर हालत में देखा और उनके जख्म पर कपड़ा रखकर खून रोकने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एंबुलेंस को बुलाया गया लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही होसामणि की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अगर एंबुलेंस समय पर पहुंच जाती तो उनकी जान बच सकती थी।
पहले ही चाइनीज मांझे से लोगों की हो चुकी है मौत
इस घटना के बाद होसामणि के परिजन और स्थानीय लोग हादसे की जगह पर इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन किया। उन्हंने नायलॉन की पतंग की डोर पर सख्त कार्रवाई और बेहतर आपातकालीन सेवाओं की मांग की। मामले में मन्ना एकहेली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
दिल्ली में 22 वर्षीय कारोबारी की मौत
नायलॉन की पतंग की डोर से होने वाली मौतें देश में लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार 12 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश के इंदौर में 45 वर्षीय रघुवीर धाकड़ की गला कटने से मौत हो गई थी। दिल्ली में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं। जुलाई 2025 में उत्तर दिल्ली के रानी झांसी फ्लाईओवर पर 22 वर्षीय कारोबारी यश गोस्वामी की गर्दन पतंग की डोर से कट गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
