विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मकर संक्राति पर चाइनीज मांझे का कहर, इंदौर में चार लोग घायल, दो का गला कटा, एक की हालत नाजुक

Published: Wed, 14 Jan 2026 02:17 PM (IST)Updated: Wed, 14 Jan 2026 07:12 PM (IST)

मकर संक्रांति पर इंदौर में चाइनीज मांझे से चार दोपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से ...और पढ़ें

चाइनीज मांझे का कहर (प्रतीकात्मक चित्र)

चाइनीज मांझे का कहर (प्रतीकात्मक चित्र)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मकर संक्रांति के पर्व पर इंदौर में चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला। प्रतिबंध और प्रशासनिक सख्ती के बावजूद बुधवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर चार दोपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने कई पुलों पर सुरक्षा बढ़ाई, दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोकी और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सतर्क किया। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए गर्दन बचाने वाले प्रोटेक्टर बेल्ट भी वितरित किए, लेकिन इसके बावजूद हादसे नहीं थमे।

इन जगहों पर हुए हादसे

  • भंवरकुआं क्षेत्र में बाइक सवार हेमराज चौरसिया अचानक सामने आए चाइनीज मांझे में उलझ गए। मांझे से उनका गला कट गया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
  • परदेशीपुरा इलाके में नंदानगर निवासी महेश सोनी की गर्दन पर चाइनीज मांझे से गहरी चोट लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
  • जूनी इंदौर ब्रिज पर सिमरोल निवासी प्रेम भंडारी, जो दूध वितरण के लिए इंदौर आए थे, चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। उनकी दाढ़ी के पास गहरा कट लगा और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
  • रामानंद नगर में रहने वाले माधव (पुत्र घनश्याम वसुनिया) के चेहरे पर चाइनीज डोर से गंभीर चोट आई। उनके चेहरे पर करीब 10 टांके लगे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया। माधव ने बताया कि वे पतंग खरीदने जा रहे थे, तभी अचानक सामने से डोर आ गई और बचाव के बावजूद गंभीर चोट लग गई।

प्रशासनिक सख्ती पर उठे सवाल

चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन की तैयारियों और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के दिन शहर में हुए इन हादसों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लापरवाही और अवैध मांझे का इस्तेमाल लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- चाइनीज मांझे पर हाई कोर्ट सख्त : हादसे में मौत पर दर्ज होगा गैर-इरादतन हत्या का केस, नाबालिग पकड़ा गया तो अभिभावक जिम्मेदार

जागरूकता के लिए निकाली रैली, मांझे की खतरनाक धार दिखाई

पुलिस ने शहर में जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकालकर लोगों को चाइनीज मांझे के खतरों से अवगत कराया। तिलक नगर टीआई मनीष लोधा ने कॉलोनियों में लोगों को एकत्र कर मांझे से सब्जी काटकर इसकी धार का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि यह मांझा ब्लेड की तरह काम करता है और जानलेवा साबित हो सकता है। इस दौरान लोगों को चाइनीज मांझे से पतंग न उड़ाने की शपथ भी दिलाई गई।