विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहलगाम आतंकी हमले में 'चाइनीज कनेक्शन', चीनी हथियारों और GoPro कैमरे पर बीजिंग ने साधी चुप्पी

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:41 PM (IST)

पहलगाम आतंकी हमले की जांच में NIA को चौंकाने वाले सुराग मिले हैं, जिसमें अमेरिकी GoPro कैमरे और चीनी हथियारों का चीन और पाकिस्तान से संबंध सामने आया है। 

पहलगाम नरसंहार मामले में चाइनीज कनेक्शन आया सामने। (फोटो-रॉयटर्स)

पहलगाम नरसंहार मामले में चाइनीज कनेक्शन आया सामने। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. पहलगाम हमले में अमेरिकी GoPro कैमरा, चीनी हथियार मिले।

  2. NIA ने चीन से जानकारी मांगी, बीजिंग ने चुप्पी साधी।

  3. आतंकियों को स्थानीय निवासियों ने पनाह, खाना दिया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी के हाथ कई चौंकाने वाले और अहम सुराग लगे हैं।

आतंकवादियों के पास से बरामद किए गए अमेरिका निर्मित 'गो-प्रो' कैमरे और चीनी हथियारों ने इस पूरे नरसंहार के तार चीन और पाकिस्तान से जोड़ दिए हैं।

NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत ने इस कैमरे के संबंध में चीन से आधिकारिक जानकारी मांगी थी, लेकिन बीजिंग की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

पत्रकारों ने पूछा कि क्या बीजिंग ने इस डिवाइस के बारे में एजेंसी के संपर्क करने पर कोई जवाब दिया है, तो अग्रवाल ने कहा, 'हमें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है लेकिन हमारे पास कुछ फोरेंसिक सबूत जरूर है।'

चीनी डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए आतंकियों तक पहुंचा GoPro कैमरा

जुलाई 2025 में श्रीनगर के बाहरी इलाके दाचीगाम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के पास से यह GoPro कैमरा बरामद हुआ था।

जांच के दौरान NIA ने इस डिवाइस की बिक्री का इतिहास जानने के लिए अमेरिकी निर्माता कंपनी 'गो-प्रो इंक' से संपर्क किया। कंपनी ने बताया कि यह कैमरा सबसे पहले चीन में एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था।

अब जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैमरा चीनी डिस्ट्रीब्यूटर से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के हाथों तक कैसे पहुंचा।

अधिकारी इस संभावना की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं ये डिवाइस पाकिस्तान सेना ने तो नहीं खरीदे थे और बाद में आतंकवादी समूहों को सप्लाई किए गए हों, हालांकि अभी इस पर जांच चल रही है।

भारत और चीन के बीच कोई म्यूचल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी नहीं है, जिसका मतलब है कि ऐसे मामलों में जानकारी मांगने के लिए राजनयिक चैनलों का सहारा लेना पड़ता है।

यह कैमरा जुलाई 2025 में दाचीगाम के जंगलों में एक मुठभेड़ के दौरान मारे गए आतंकवादियों से बरामद किया गया था। यह घटना पहलगाम के बैसरन मीडोज में पर्यटकों पर हुए हमले के कुछ महीनों बाद हुई थी।

जांचकर्ताओं के मुताबिक आतंकी अब हमलों को रिकॉर्ड कर प्रोपेगैंडा और मनोवैज्ञानिक युद्ध फैलाने के लिए बॉडी वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

हमले में चीन में बनी AK-47 राइफलों का भी हुआ था इस्तेमाल

सिर्फ यही कैमरा नहीं, बल्कि कुछ और उपकरण भी हैं जिन्होंने जांचकर्ताओं का ध्यान चीन की ओर खींचा है। अधिकारियों ने बताया कि बैसरन हमले की जगह से कम से कम दो AK-47 राइफलें और दाचीगाम मुठभेड़ की जगह से एक और राइफल बरामद हुई थी, जो चीन में बनी थीं।

कैसे दिया गया था नरसंहार को अंजाम और कैसे भागे आतंकी?

22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पहलगाम के बैसरन घास के मैदानों में 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

जांच में सामने आया है कि सुरक्षा बलों द्वारा हमले के पैमाने का आकलन करने और घेराबंदी करने से पहले आतंकियों को भागने के लिए करीब 40 मिनट का समय मिल गया था।

पहलगाम से बाहर जाने वाली एक सड़क पर शोपियां रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक गाड़ी देखी गई थी, लेकिन रास्ते में कई सीसीटीवी कैमरों के काम न करने की वजह से जांचकर्ता उसका सुराग खो बैठे।

इस नरसंहार के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाकर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को तबाह किया था।

कंबल पर मिले बाल के DNA टेस्ट से खुला मददगारों का राज

NIA ने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा और 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकवादी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हम्जा अफगानी के साथ साथ संगठन का स्वघोषित कमांडर साजिद जट्ट उर्फ साजिद जुट्ट भी शामिल हैं।

हमले से पहले आतंकवादियों को खाना और पनाह देने के आरोप में दो स्थानीय निवासियों, बशीर अहमद जोथाहट और परवेज अहमद का नाम भी इसमें शामिल किया गया है।

हमले से कुछ दिन पहले आतंकवादियों को खाना और पनाह देने के आरोप में दो स्थानीय निवासियों, बशीर अहमद जोथाहट और परवेज अहमद का नाम भी लिया गया है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि इन लोगों ने आतंकवादियों को हल्दी, लाल मिर्च और नमक जैसी खाने-पीने की चीजें, साथ ही खाना पकाने के बर्तन, कंबल और तिरपाल उपलब्ध कराए थे।

अधिकारियों ने बताया कि दाचीगाम मुठभेड़ स्थल से मिला एक कंबल बशीर के घर का निकला। उस पर मिले बाल के एक टुकड़े का डीएनए टेस्ट कराया गया, जो 21 अप्रैल 2025 को उसके घर से लिए गए कंबल से मेल खा गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।