जानें चीन का वुहान वेट मार्केट के बारे में जहां कोरोना संक्रमण का पहला केस आया था सामने
कोरोना महामारी की शुरुआत से ही एक शब्द सुनने में आ रहा है वुहान वेट मार्केट...! चीन के वुहान प्रांत में ही कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। तब चीन ने कहा था कि वायरस वुहान वेट मार्केट से फैला है। जानें इस मार्केट के बारे में...
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। कोरोना महामारी की शुरुआत से ही एक शब्द सुनने में आ रहा है, वुहान वेट मार्केट...! चीन के वुहान प्रांत में ही कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। उसी समय चीन ने कहा था कि वायरस का संक्रमण वुहान वेट मार्केट से फैला है। इसके बाद से बाद से ही महामारी की चर्चा होने पर इस मार्केट का जिक्र आ जाता है।
इसलिए जाना जाता है यह मार्केट
वुहान वेट मार्केट चीन का सबसे बड़ा सीफूड होलसेल मार्केट है। यहां मुख्य तौर पर सीफूड यानी खाए जाने वाले समुद्री जीवों की बिक्री होती है। इसके अलावा ऐसे जंगली जानवर भी यहां बेचे जाते हैं, जिनका मांस खाया जाता है।
- 24 मार्च, 2005 को इस मार्केट की शुरुआत हुई थी
- 50 हजार वर्गमीटर में फैला है
- 1000 से ज्यादा दुकानदार करते हैं कारोबार
- 75 प्रजातियों के जंगली जानवर भी बेचे जाते हैं
सफाई और व्यवस्था पर उठे हैं सवाल
- टाइम मैगजीन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यहां पतली गलियां हैं और दुकानें बहुत पास-पास हैं
- जिंदा जानवर भी मरे जानवरों के पास ही बंधे होते हैं। जानवरों को खुले में काटा जाता है और चमड़ा इधर-उधर फैला रहता है
- न्यूयार्क टाइम्स ने भी यहां की गंदगी और हवा की निकासी की खराब व्यवस्था पर रिपोर्ट दी थी
सिवेट की भी चर्चा जोरों पर
मौजूदा महामारी की चर्चा के दौरान 2002 में फैली सार्स महामारी का भी जिक्र होता है। चीन में सार्स महामारी के फैलने का कारण सिवेट को ही माना जाता है। चमगादड़ से वायरस सिवेट में पहुंचा और इससे इंसानों में फैला था।
जानते हैं कि क्या है सिवेट
- सिवेट मूलत: रात्रिचर व मांसाहारी स्तनधारी जीवों की एक प्रजाति है
- संरचना के आधार पर नेवले से इनमें काफी समानता पाई जाती है
- दक्षिण चीन, दक्षिण एवं दक्षिण पश्चिम एशिया और उपसहारा अफ्रीका के क्षेत्रों में पाए जाते हैं।
- कुछ सिवेट को संकटग्रस्त प्रजाति की श्रेणी में रखा गया है
- इनकी लंबाई (पूंछ के अलावा) सामान्य तौर पर 43 से 71 सेंटीमीटर और वजन डेढ़ से साढ़े चार किलो होता है