विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरिक्ष से पाकिस्तान की मदद कर रहा था ड्रैगन? 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान चीनी सैटेलाइट्स की जासूसी का पूरा सच

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:15 PM (IST)

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 3 चीनी सैटेलाइट्स ने गुजरात के सैन्य व कारोबारी ठिकानों की जासूसी की। इस बात का खुलासा एक रिपोर्ट में हुआ है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की नापाक चाल तस्वीर (AI से बनाई गई है)

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की नापाक चाल तस्वीर (AI से बनाई गई है)

HighLights

  1. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन जासूसी सैटेलाइट सक्रिय थे।

  2. सैटेलाइट भारतीय सैन्य ठिकानों और पश्चिमी तट की जासूसी कर रहे थे।

  3. गुजरात के भुज, नलिया, जामनगर पर विशेष निगरानी रखी गई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसके बाद नापाक पड़ोसी पाकिस्तान की साजिश वैश्विक मंच पर एक बार फिर बेनकाब हो गई थी। हालांकि अभी बात हम पाकिस्तान और उसके नापाक चाल की नहीं कर रहे हैं।

यहां बात इसी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पर्दे के पीछे से चीन की चालबाजी की हो रही है। पूरे मामले को ऐसे समझिए कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की एक बड़ी जासूसी हरकत सामने आई है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन की चालबाजी

बता दें कि भारतीय स्पेस सर्विलांस और इंटेलिजेंस कंपनी दिगंतरा की एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस पूरे सैन्य अभियान के दौरान तीन चीनी जासूसी सैटेलाइट लगातार भारत के पश्चिमी तट, खासकर गुजरात के ऊपर मंडराते रहे।

टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) के साथ साझा की गई इस रिपोर्ट के मुताबिक, ये चीनी सैटेलाइट न केवल भारतीय सेना के ठिकानों पर नजर रख रहे थे, बल्कि देश के बड़े बंदरगाहों और कारोबारी ठिकानों की भी जासूसी कर रहे थे।

कौन-से थे ये तीन चीनी सैटेलाइट?

जारी रिपोर्ट के अनुसार, निंग्शिया-14, गाओफेन-11 और याओगन-30 नाम के तीन चीनी सैटेलाइट हिंद महासागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना और वायुसेना के ठिकानों पर लगातार नजर रखे हुए थे। इन्होंने खासतौर पर गुजरात के भुज, नलिया और जामनगर के आसपास के इलाकों और रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी जैसे अहम औद्योगिक ठिकानों की निगरानी की।

ऑपरेशन शुरू होते ही बदली अपनी चाल

ये सभी सैटेलाइट विशेष रूप से याओगन-43 01G  हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक खुफिया जानकारी जुटाने की तकनीक से लैस हैं। 7 मई 2025 को जैसे ही 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू हुआ, इन सैटेलाइट्स ने अपनी कक्षा की स्थिति में बदलाव किया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि वे ज्यादा देर तक भारतीय सैन्य ठिकानों के ऊपर रहकर उनकी तस्वीरें और डेटा जुटा सकें।

पहलगाम हमले से पहले भी दिखी थी संदिग्ध हलचल

इसके अलावा  रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले से ठीक पहले के दिनों में भी इन चीनी सैटेलाइट्स ने असामान्य तरीके से अपनी दिशा बदली थी और लगातार पहलगाम इलाके पर फोकस किया था।

चीन की नजर भारत के पश्चिमी तट और इन ठिकानों पर क्यों थी?

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि कच्छ में स्थित 'भुज रुद्र माता एयरफोर्स स्टेशन' पाकिस्तान सीमा के बेहद करीब एक प्रमुख वायुसेना अड्डा है। वहीं, पश्चिमी कच्छ में स्थित 'नलिया' (49वीं विंग) पाकिस्तान सीमा और अरब सागर दोनों के पास एक फॉरवर्ड बेस है। यहां से हवा और समुद्र दोनों रास्तों से होने वाले किसी भी खतरे का तुरंत जवाब दिया जा सकता है।

नौसेना और कारोबार की लाइफलाइन के मायने समझिए

इतना ही नहीं भारत का पश्चिमी तट सैन्य और आर्थिक दोनों नजरियों से देश की रीढ़ है। मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान का मुख्यालय है। मुंबई, गोवा और कारवार जैसे बड़े केंद्रों से युद्धपोत, पनडुब्बियां और नौसैनिक विमान अरब सागर के अहम व्यापारिक और ऊर्जा मार्गों की सुरक्षा करते हैं। इसके अलावा गुजरात से केरल तक फैला यह तट पश्चिम एशिया, अफ्रीका और यूरोप के साथ होने वाले अरबों के कारोबार का मुख्य केंद्र है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।