'LAC पर हालात स्थिर', अरुणाचल सीमा पर चीन ने दोहराया पुराना राग; भारत-जापान की बढ़ती दोस्ती से बौखलाया ड्रैगन
चीन ने भारत-चीन सीमा पर स्थिति को स्थिर बताया है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश पर अपने बेबुनियाद दावे को दोहराया है, जिसे भारत ने खारिज किया है।

चीन ने भारत-चीन सीमा पर हालात को स्थिर बताया। (फोटो- IANS)
HighLights
चीन ने भारत-चीन सीमा पर स्थिति को स्थिर बताया।
अरुणाचल प्रदेश पर चीन ने अपना बेबुनियाद दावा दोहराया।
भारत-जापान रक्षा सहयोग पर चीन ने जताई गहरी चिंता।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी सैनिकों की आक्रामक गतिविधियों की खबरों के बीच चीन की तरफ से एक बड़ा बयान सामने आया है। चीनी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत चीन सीमा पर स्थिति कुल मिलाकर स्थिर है और दोनों देश शांति बनाए रखने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं। हालांकि शांति की बात करने के साथ ही चीन ने एक बार फिर अरुणाचल प्रदेश पर अपना बेबुनियाद दावा दोहराया है।
बातचीत पर राग, अरुणाचल पर पुरानी जिद
चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी ने अपनी मासिक प्रेस ब्रीफिंग में हालिया उच्च-स्तरीय सैन्य वार्ताओं के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में स्थिरता बनाए रखने और आपसी सहमतियों को लागू करने के लिए दोनों देश राजनयिक और सैन्य माध्यमों से संपर्क में हैं।
लेकिन इसी दौरान चेन ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर बीजिंग का पुराना राग फिर छेड़ दिया। चीन अरुणाचल को 'ज़ांगनान' कहकर इसे दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता है। प्रवक्ता ने कहा कि चीन अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता। प्रवक्ता ने कहा, 'जांगनान क्षेत्र चीन का इलाका है। चीन भारत द्वारा अवैध रूप से बनाए गए तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता है।'
वहीं दूसरी ओर, भारत हर मंच पर चीन के इन दावों को सिरे से खारिज करता रहा है और स्पष्ट कर चुका है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है।
सैनिकों की तैनाती की खबर के बीच वार्ता
चीन का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इसी महीने भारत और चीन के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच कई दिनों तक चली गहन बातचीत हुई है। जानकारी के मुताबिक, इस वार्ता में अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी सेक्टर में चीनी सैनिकों के कथित आक्रामक रवैये का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इससे पहले सितंबर महीने में भी दोनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने अरुणाचल सेक्टर में सीमा के दोनों ओर दो सत्रों में 'फ्लैग मीटिंग' की थी।
भारत जापान रक्षा सहयोग पर चीन ने जताई चिंता
हाल ही में हुए भारत-जापान 2+2 संवाद के बारे में पूछे जाने चीनी प्रवक्ता चेन ने जापान की सुरक्षा नीति की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि टोक्यो अपने सैन्यीकरण को तेज कर रहा है। उन्होंने इसे नए सैन्यवाद का उदय बताया और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसे लेकर बहुत सतर्क रहना चाहिए और इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने चाहिए।'
गौरतलब है कि इस '2+2' वार्ता में भारत और जापान ने उन्नत मिसाइल तकनीक, समुद्री सुरक्षा और नौसैनिक जहाजों के निर्माण व डिजाइन में मिलकर काम करने पर सहमति जताई है। इस साझेदारी से जापान के 'सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज' (आत्मरक्षा बलों) और भारतीय रक्षा उद्योग के बीच सहयोग के नए रास्ते खुल रहे हैं, जिससे चीन की बेचैनी बढ़ गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।