यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिक्किम सीमा पर तनातनी जारी, चीन ने भारत पर लगाया एक और आरोप
चीन ने भारतीय सुरक्षा बलों पर घुसपैठ करने का आरोप लगाया है और इसको लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक जंग और भी तेज हो गई है।

बीजिंग, एएनआइ। सिक्किम से लगी सीमा पर जारी तनातनी के बीच चीन ने भारत पर एक और आरोप लगाया है। उसने भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा कथित चीनी सीमा पार करने की हरकत को 'बेहद गंभीर' बताते हुए कहा है कि भारत ने ऐसा कर 1890 में सिक्किम-तिब्बत से संबंधित ब्रिटेन और चीन के बीच हुए एक समझौते का उल्लंघन किया है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि इस समझौते द्वारा चीन-भारत सीमा के सिक्किम हिस्से को परिभाषित किया गया है। शुआंग ने दावा किया कि लगातार भारतीय सरकारें लिखित में यह स्वीकार कर चुकी हैं कि वह सिक्किम पर सीमा समझौते को लेकर चीन से सहमत हैं।
शुआंग ने कहा कि अपने सशस्त्र बलों के साथ परिभाषित सीमा को पार कर भारतीय पक्ष ने ऐतिहासिक समझौते का उल्लंघन किया है और यूएन चार्टर व अंतरराष्ट्रीय कानून के मूलभूत सिद्धांतों के खिलाफ खड़ा हो गया है। इसलिए यह घटना बेहद गंभीर है।
शुआंग के अनुसार, 1890 में चीन की किंग सरकार और ग्रेट ब्रिटेन के बीच हुआ समझौता चीन के शी जांग और ग्रेट ब्रिटेन के सिक्किम के बीच सीमा को लेकर स्पष्ट रूप से अनुबंधित है। शुआंग ने कहा कि यह समझौता चीन और भारत दोनों के लिए प्रभावी व बाध्यकारी है।