'बच्चे माता-पिता के खिलौने नहीं', सुप्रीम कोर्ट ने मां के पास रहने दिए दो बेटे; मद्रास हाई कोर्ट का आदेश रद
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों माता-पिता और बच्चों को अपने सामने बुलाया और माता-पिता की गैरमौजूदगी में बच्चों से अलग से बात की। कोर्ट ने पाया कि बच्चे अपनी पसंद बताने के लिए पर्याप्त समझदार हैं और उन्होंने मां के साथ रहने की इच्छा जताई।

सुप्रीम कोर्ट ने मां के पास रहने दिए दो बेटे (फोटो- एएनआई)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने माता-पिता की गैरमौजूदगी में बच्चों से अलग से बात की
कोर्ट ने पाया कि बच्चे अपनी पसंद बताने के लिए पर्याप्त समझदार हैं
बच्चे अपनी मां के साथ रहना चाहते हैं, पिता को नहीं मिलेगी कस्टडी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एक कस्टडी विवाद में कहा है कि बच्चे न तो माता-पिता की संपत्ति हैं और न ही उनके खिलौने। सोमवार को कोर्ट ने कहा कि अभिभावक नियुक्त करते समय नाबालिग का कल्याण सर्वोपरि होता है। यह फैसला 23 नवंबर 2026 को जस्टिस अपरेश कुमार सिंह ने जस्टिस विक्रम नाथ की पीठ की ओर से सुनाया।
मामला तलाकशुदा माता-पिता के दो नाबालिग बच्चों की कस्टडी का था। सवाल यह था कि मई 2014 से लगातार मां के साथ रह रहे बच्चों की कस्टडी प्राकृतिक अभिभावक पिता को सौंपी जाए या नहीं। महिला ने मद्रास हाई कोर्ट के अक्टूबर 2024 के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए बेटों की कस्टडी पिता को दी गई थी।
पीठ ने कहा कि बच्चों को उनकी मां से अलग नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वर्षों में उनके बीच गहरा स्वाभाविक लगाव बन चुका है। कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की, ऐसे मामलों में मानवीय पहलू भी अहम होते हैं। अक्सर कहा जाता है कि बच्चे महज संपत्ति नहीं हैं और न ही माता-पिता के खिलौने।
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों माता-पिता और बच्चों को अपने सामने बुलाया और माता-पिता की गैरमौजूदगी में बच्चों से अलग से बात की। कोर्ट ने पाया कि बच्चे अपनी पसंद बताने के लिए पर्याप्त समझदार हैं और उन्होंने मां के साथ रहने की इच्छा जताई। कोर्ट ने यह भी कहा कि पिता को कस्टडी मिलने का नियम हमेशा अपवादों के अधीन है और हर मामले में लागू नहीं होता।
पीठ ने आगे कहा कि कानून के तहत, पिता के साथ-साथ मां भी स्वाभाविक अभिभावक होती है, और यदि बच्चा तर्कसंगत प्राथमिकता व्यक्त करने के लिए पर्याप्त परिपक्व है, तो अदालत उस प्राथमिकता को ध्यान में रख सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।