विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'BJP का राज रोकने के लिए किया था TVK का समर्थन', स्टालिन को मनाने की कोशिशों के बीच चिदंबरम की सफाई

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:42 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 29 Nov 2026 06:00 PM (GMT+05:30)

पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK को कांग्रेस के समर्थन का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में राष्ट्रपति शासन और भाजपा के शासन को रोकने के लिए उठाया गया था।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम की सफाई (File Photo)

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम की सफाई (File Photo)

HighLights

  1. चिदंबरम ने कांग्रेस के TVK समर्थन का बचाव किया।

  2. कहा, राष्ट्रपति शासन, भाजपा का राज रोकने को था।

  3. डीएमके ने इस समर्थन के बाद गठबंधन तोड़ दिया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक को लेकर देशभर की सियासत में गर्माहट तेज है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी अपने चरम पर है। इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में मची हलचल और परिसीमन विधेयक पर पूर्व सहयोगी डीएमके को मनाने की कवायद के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने बड़ा बयान दिया है।

रविवार को उन्होंने तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले का बचाव किया। चिदंबरम ने साफ कहा कि यह कदम राज्य में राष्ट्रपति शासन को रोकने के लिए उठाया गया था, क्योंकि राष्ट्रपति शासन का मतलब सीधे तौर पर भाजपा का शासन होता।

क्यों टूटा डीएमके से गठबंधन?

बता दें कि इसी साल अप्रैल में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सत्ताधारी डीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। लेकिन चुनाव में डीएमके को हार का सामना करना पड़ा और 2024 में बनी विजय की पार्टी TVK सबसे बड़े दल के रूप में उभरी।

इसके बाद कांग्रेस और कुछ अन्य दलों ने TVK को समर्थन देकर सरकार बनवा दी। डीएमके ने कांग्रेस के इस कदम को विश्वासघात करार देते हुए विपक्षी गठबंधन से नाता तोड़ लिया था।

पी. चिदंबरम ने फैसले को बताया सही

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में चिदंबरम ने कांग्रेस के फैसले को बिल्कुल सही ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर हमने TVK सरकार को समर्थन नहीं दिया होता, तो विधानसभा भंग हो जाती और दोबारा चुनाव होते या फिर राष्ट्रपति शासन लग जाता। राष्ट्रपति शासन का मतलब असल में भाजपा का राज है।

विजय बहुमत के करीब थे- चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा कि चुनाव में विजय की पार्टी को 108 सीटें मिली थीं और वे बहुमत के बेहद करीब थे। उनके अलावा कोई भी दूसरी पार्टी, यहां तक कि डीएमके भी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं थी। इसलिए जब उन्होंने समर्थन मांगा, तो कांग्रेस ने साथ दिया।

चिदंबरम ने यह भी स्वीकार किया कि इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस और डीएमके के रिश्तों में दरार आ गई है। उन्होंने संकेत दिया कि कुछ ऐसी बातें भी हुईं जिन पर वे सिर्फ पार्टी के भीतर चर्चा कर सकते हैं, सार्वजनिक रूप से नहीं, लेकिन समर्थन देने का फैसला सही था।

गौरतलब है कि परिसीमन बिल पर स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे दिग्गज चिदंबरम का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के अन्य नेता रविवार को चेन्नई पहुंचे हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

राहुल की अपील और स्टालिन का रुख भी समझिए

इस बात को ऐसे समझिए राहुल गांधी ने संविधान और देशहित को बचाने के लिए स्टालिन से साथ आने की अपील की है। हालांकि, स्टालिन ने दो-टूक कहा है कि डीएमके हमेशा तमिलनाडु के हितों को सबसे ऊपर रखती है और इससे कोई समझौता नहीं करेगी। उनके इस बयान को कांग्रेस के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

संसद में क्यों अहम है डीएमके का रुख?

सोमवार, 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधित विधेयक पेश करने जा रही है। डीएमके के पास संसद में कुल 30 सांसद 22 लोकसभा और 8 राज्यसभा हैं, जो सरकार और विपक्ष दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

दिलचस्प बात यह है कि अप्रैल में जब डीएमके इंडी गठबंधन का हिस्सा थी, तब उसने लोकसभा में इस बिल के खिलाफ वोट दिया था और सरकार बिल पास नहीं करा पाई थी। लेकिन अब गठबंधन से अलग होने के बाद डीएमके ने बिल के पक्ष में वोट देने का एलान किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।