छत्तीसगढ़: बीजापुर में नक्सलियों ने की एएसआइ की हत्या, शव बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां कुटरू इलाके से लापता एएसआइ का शव बरामद हुआ है।
बीजापुर,जेएनएन। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां कुटरू इलाके से लापता एएसआई का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि माओवादियों ने एएसआई का अपहरण कर इस घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि यहां पदस्थ एक सहायक सब इंस्पैक्टर काे नक्सलियों ने दो दिनों पहले अगुआ कर लिया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी पतासाजी में जुटी थी। नक्सली उसे अगुआ कर कुटरू वन परिक्षेत्र के अंदर घने जंगलों में ले गए थे। आज सुबह ग्रामीणों ने जंगल से लगी मुख्य सड़क पर एएसआई के शव के देखा और थाने में इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर उसे पंचनामे के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने एएसआई की हत्या कर कुटरू-बीजापुर मार्ग पर केतुलनार के नज़दीक सड़क पर शव फेंका है। देर रात शव बरामद किया गया। इस बात की पुष्टि बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने की है। उन्होंने ‘नईदुनिया ’ को बताया कि कुटरू थाने में पदस्थ एएसआई नागैया कोरसा का शव देर रात मिला है। आईजी ने बताया कि एएसआई का शव उसी इलाके में मिला है, जहां कल उनकी बाइक लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्ट्या यह वारदात नक्सलियों द्वारा की गई लगती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सघन सर्चिंग की जा रही है।
बता दें कि बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ स्थानीय पुलिस और नक्सलियों द्वारा चलाए जा रहे सघन ऑपरेशन के चलते नक्सली बैकफूट पर आ गए हैं। अब वे सीधी लड़ाई लड़ने की बजाय इस तरह पुलिस कर्मियों और जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों और आम ग्रामीणों को अगुआ कर उनकी हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देकर ग्रामीणों के अंदर भय पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं दूसरी अोर बहुत से नक्सली, नक्सलवाद की खोखली विचारधारा से ऊब कर अात्मसमर्पण का रास्ता अपना रहे हैं।