चेन्नई में फाइनेंशियल इंफ्लूएंसर ने की आत्महत्या, साइबर उत्पीड़न में यूट्यूबर पर केस दर्ज
चेन्नई में एक 27 वर्षीय फाइनेंशियल इंफ्लूएंसर ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद उनके पिता ने एक यूट्यूबर के खिलाफ साइबर उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।

चेन्नई में फाइनेंशियल इंफ्लूएंसर ने की आत्महत्या। (सोशल मीडिया)
HighLights
चेन्नई में 27 वर्षीय फाइनेंशियल इंफ्लूएंसर ने की आत्महत्या।
यूट्यूबर पर साइबर उत्पीड़न का आरोप, पुलिस जांच जारी।
निवेश योग्यता पर सवाल उठने के बाद उठाया आत्मघाती कदम।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। चेन्नई में मुत्तुकाडु के पास एक किराये के विला में 27 वर्षीय फाइनेंशियल इंफ्लूएंसर ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को बताया कि निवेश संबंधी सलाह देने की उनकी पात्रता पर सवाल उठाए जाने के बाद ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक के पिता ने साइबर उत्पीड़न के मामले में आरोपित यूट्यूबर के खिलाफ साइबर उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वी. हरीश के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया पर लोकप्रिय ब्रांड ‘फाइनेंस विद हरीश’ चलाते थे। वित्त और निवेश से जुड़ी सामग्री के लिए इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके 13 लाख से अधिक फालोअर थे।
वी.हरीश के पिता विनायगम ने यूट्यूबर और जेमूरिया इंक. के सीईओ जेसन सैमुअल के खिलाफ कनाथुर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें 20 अक्टूबर को हरीश की मौत की सूचना मिली थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सैमुअल ने 18 अक्टूबर को एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें हरीश की भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) तथा भारतीय म्यूचुअल फंड संघ (एएमएफआई) से जुड़ी योग्यताओं पर सवाल उठाए गए थे।
शिकायत के मुताबिक, इससे हरीश को गंभीर ऑनलाइन उत्पीड़न और दबाव का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्होंने अपनी जान दे दी। वीडियो जारी होने के बाद हरीश के सोशल मीडिया खातों की सामूहिक रूप से रिपोर्ट की गई और उन्हें बंद कर दिया गया। सैमुअल ने सोशल मीडिया पर दिए बयान में साइबर उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि हरीश के पास एसईबीआई-पंजीकृत निवेश सलाहकार (आरआइए) का लाइसेंस नहीं होने की बात उजागर करके वह उपभोक्ताओं के हित में काम कर रहे थे। नियामकीय उल्लंघनों और फर्जी लाइसेंस की ओर ध्यान दिलाना आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं है।
कनाथुर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। अधिकारी दोनों पक्षों के बयान की जांच कर रहे हैं और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रहे हैं। इनमें हरीश की मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो भी शामिल है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
