विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चेन्नई एयरपोर्ट पर ऑक्सीजन की कमी के कारण मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट 2 घंटे लेट, 78 यात्रियों को बोर्डिंग से रोका गया

Published: Mon, 12 Oct 2026 09:26 PM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2026 09:29 PM (IST)

चेन्नई एयरपोर्ट पर मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर जाने वाली फ्लाइट MH181 ऑक्सीजन की कमी के चलते दो घंटे देरी से उड़ी।

ऑक्सीजन की कमी से मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान में देरी (सांकेतिक तस्वीर)

ऑक्सीजन की कमी से मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान में देरी (सांकेतिक तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। चेन्नई एयरपोर्ट के इंटरनेशनल डिपार्चर टर्मिनल पर उस समय अफरातफरी मच गई जब कुआलालंपुर जाने वाली मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट (MH181) को ऑक्सीजन की कमी के चलते दो घंटे की देरी से रवाना करना पड़ा।

इस उड़ान में कुल 178 यात्रियों को सवार होना था, लेकिन तकनीकी कारणों और सुरक्षा का हवाला देते हुए आधे यात्रियों को विमान में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।

यह फ्लाइट रविवार रात 11:55 बजे रवाना होनी थी, लेकिन तकनीकी जांच और फेरबदल के बाद यह फ्लाइट केवल 100 यात्रियों के साथ रात 2:20 बजे रवाना हो सकी।

इसे लेकर मलेशिया एयरलाइंस की ओर से उड़ान में देरी और कम यात्रियों के साथ उड़ान भरने का कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया, लेकिन एयरपोर्ट सूत्रों ने पुष्टि की कि कुछ यात्रियों को बोर्डिंग से रोकने के पीछे मुख्य वजह विमान में ऑक्सीजन की कमी थी।

यात्रियों का फूटा गुस्सा

एविएशन एक्सपर्ट कैप्टन मोहन रंगनाथन ने इस तकनीकी स्थिति को समझाते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में विमान में ऊपर लगे ऑक्सीजन मास्क को खींचने पर एक रासायनिक प्रतिक्रिया से ऑक्सीजन बनती है।

उन्होंने कहा, यदि ऑक्सीजन का केमिकल जनरेटर ठीक से काम नहीं कर रहा होता है, तो एयरलाइंस सुरक्षा के लिहाज से कुछ सीटों को इन-ऑप (काम न करने वाली) घोषित कर देती हैं। संभवतः यही कारण रहा होगा कि एयरलाइंस ने निर्धारित संख्या से कम यात्रियों को ही बोर्डिंग की अनुमति दी।

दूसरी ओर, इस अचानक हुई व्यवस्था से परेशान यात्रियों का गुस्सा सोशल मीडिया पर फूटा। फ्लाइट के एक यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर शिकायत की कि यात्री छह घंटे से अधिक समय तक हवाई अड्डे पर फंसे रहे, लेकिन एयरलाइन के कर्मचारियों की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यात्रियों को न तो समय पर पानी दिया गया और न ही फ्लाइट की स्थिति के बारे में कोई सटीक जानकारी दी गई।

एयरलाइन ने मांगी माफी

मामले के तूल पकड़ने पर एयरलाइन ने ऑनलाइन प्रतिक्रिया देते हुए यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। वहीं, चेन्नई एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि मलेशिया एयरलाइंस ने फंसे हुए और छूटे हुए यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों का प्रबंध किया गया।