चंद्रबाबू नायडू बोले, आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जे के लिए प्रदर्शन तेज करें पार्टी सांसद
क्रवार सुबह अमरावती में चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के प्रति केंद्र के रुख के विरोध में अपने मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ एक साइकिल रैली भी निकाली।
नई दिल्ली, पीटीआइ। तेलुगु देसम पार्टी (टीडीपी) अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी सांसदों से आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के लिए विरोध प्रदर्शन तेज करने के लिए कहा है।
टेली कांफ्रेंस के जरिये शुक्रवार को पार्टी सांसदों को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, 'पिछले कई दिनों से बार-बार सदन को स्थगित करके भाजपा मुद्दे से दूर भाग रही है। अगर संसद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होती है तो सांसदों को राष्ट्रपति से मुलाकात करनी चाहिए। भाजपा बांटों और राज करो की नीति पर चल रही है।' शुक्रवार को संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आखिरी दिन था।
शुक्रवार सुबह अमरावती में चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के प्रति केंद्र के रुख के विरोध में अपने मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ एक साइकिल रैली भी निकाली। मीडिया को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि राज्य के लोग भाजपा को स्वीकार नहीं करेंगे। एक दिन ऐसा भी आएगा, जब भाजपा को पूरे देश में स्वीकार नहीं किया जाएगा। टीडीपी तब तक पीछे नहीं हटेगी जब तक राज्य को विशेष दर्जे और आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के प्रावधानों समेत राज्यसभा में किए गए वादे को पूरा नहीं किया जाता।