विश्वविद्यालयों में 10 महिलाओं के नाम पर चेयर की स्थापना होगी
मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की सहायता से ये चेयर स्थापित किए जाएंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश की 10 प्रमुख महिला प्रशासकों, कलाकारों, वैज्ञानिकों और समाज सुधारकों के नाम पर विश्वविद्यालयों में चेयर की स्थापना की जाएगी। इन महिलाओं में हंसा मेहता और देवी अहिल्या बाई होल्कर शामिल हैं। राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर महिला व बाल विकास मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।
मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की सहायता से ये चेयर स्थापित किए जाएंगे। एक चेयर पर एक साल में 50 लाख रुपये का खर्च आएगा। शुरू में पांच साल के लिए चेयर की स्थापना की जाएगी।
इन महिलाओं में हंसा मेहता और होल्कर के अलावा लेखिका महादेवी वर्मा, पूर्वोत्तर की स्वतंत्रता सेनानी रानी गैदिनलियू, चिकित्सक आनंदीबाई गोपालराव जोशी, गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी, वन संरक्षणवादी अमृता देवी बेनिवाल, गणितज्ञ लीलावती, वैज्ञानिक कमला सोहोनी और कवियित्री लाल देद शामिल हैं।