केंद्र के अराजपत्रित कर्मियों 30 दिनों के बराबर बोनस
केंद्र सरकार ने अपने अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए 30 दिनों के वेतन के बराबर एक अनौपचारिक बोनस देने की घोषणा की है।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अपने अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए 30 दिनों के वेतन के बराबर एक अनौपचारिक बोनस देने की घोषणा की है। यह बोनस त्योहारों के मौके पर दिया जा रहा है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, समूह सी और डी के केंद्रीय कर्मचारियों और समूह बी में सभी अराजपत्रित कर्मचारियों को अनौपचारिक (गैर उत्पादकता बद्ध) बोनस मिलेगा।
अधिसूचना में कहा गया है, "केंद्र सरकार के समूह सी व डी और समूह बी में सभी अराजपत्रित कर्मचारियों को वर्ष 2014-15 के लिए 30 दिनों के वेतन के बराबर गैर उत्पादकता बद्ध बोनस (अनौपचारिक बोनस) दिया जाएगा। समूह बी के वे कर्मचारी ही लाभ ले सकेंगे जो किसी उत्पादकता बद्ध बोनस योजना के दायरे में नहीं आते हैं।" अनौपचारिक बोनस का भुगतान केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के पात्र कर्मचारियों को भी किया जाएगा।