विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CEC, SEC, सांसद और विधायक; परिसीमन आयोग में कौन-कौन होगा शामिल?

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:38 PM (IST)

संसद के विशेष सत्र से पहले प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना सामने आई है, जिसमें अध्यक्ष, चुनाव आयुक्त, सांसद और विधायक शामिल होंगे।

प्रस्तावित परिसीमन कमीशन की संरचना (फोटो-रॉयटर्स)

प्रस्तावित परिसीमन कमीशन की संरचना (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. परिसीमन आयोग में अध्यक्ष, चुनाव आयुक्त, सांसद और विधायक होंगे शामिल।

  2. लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव।

  3. विपक्ष ने भाजपा पर चुनावी नक्शे में हेरफेर का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले प्रस्तावित परिसीमन कमीशन की संरचना को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने रविवार को एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया कि प्रस्तावित डिलिमिटेशन कमीशन में एक चेयरमैन, मुख्य चुनाव आयुक्त या एक चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के चुनाव आयुक्त शामिल होंगे।

इसके अलावा, संबंधित राज्य के पांच सांसद और पांच विधायक भी कमीशन का हिस्सा होंगे, जो चुनाव क्षेत्रों को नए सिरे से तय करने की प्रक्रिया में शामिल रहेंगे।

अधिकारी के मुताबिक, डिलिमिटेशन कमीशन अपनी रिपोर्ट संसद में पेश करेगा, जिसके पास रिपोर्ट में बदलाव करने या उसे खारिज करने का अधिकार होगा। यह प्रस्तावित ढांचा और अधिकार ऐसे समय में सामने आए हैं, जब लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने की सरकार की योजना को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है।

विपक्ष के आरोप और कांग्रेस की मांगें

विपक्षी दलों ने इस प्रस्तावित कवायद पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि इससे भाजपा को भारत का चुनावी नक्शा अपने अनुकूल बनाने में मदद मिल सकती है। राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनाव क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने के लिए एक खाली कैनवास देना चाहती है।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि 850 सीटों के प्रस्ताव का कारण असम और जम्मू-कश्मीर में देखा जा सकता है। उनके अनुसार, यदि 850 सीटों का विकल्प मिलता है, तो चुनावी नक्शे को अपने हिसाब से बदला जा सकता है, विरोधी समुदायों का प्रतिनिधित्व कमजोर किया जा सकता है और चुनिंदा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा सकता है।

राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर कब्जा कर लिया गया है और अब सरकार डिलिमिटेशन कमीशन को भी अपने नियंत्रण में लेना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था से सदस्यों की नियुक्ति और निर्वाचन क्षेत्रों के सीमांकन को प्रभावित किया जा सकता है।

कांग्रेस ने रखी मांग

कांग्रेस ने मांग रखी है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें ही बरकरार रखी जाएं, किसी भी राज्य की सीटों के हिस्से में बदलाव न हो और मौजूदा संख्या के भीतर ही महिला आरक्षण लागू किया जाए। पार्टी ने सर्वदलीय या दोनों पक्षों के प्रतिनिधित्व वाला डिलिमिटेशन कमीशन बनाने और महिला आरक्षण के अंदर ओबीसी सब-कोटा शामिल करने की मांग भी की है।

वहीं, ईंडी गठबंधन ने संसद में संविधान संशोधन विधेयक का मिलकर विरोध करने का फैसला किया है और आरोप लगाया है कि इससे एससी (SC) और एसटी (ST) के हितों को नुकसान पहुंच सकता है तथा भाजपा-आरएसएस को राजनीतिक लाभ मिल सकता है।

लोकसभा सीटों को 850 करने का प्रस्ताव

संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल होंगे। साथ ही राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

केंद्र सरकार की योजना लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में प्रत्येक राज्य व केंद्र शासित प्रदेश की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की है। संशोधित सीट आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को वर्ष 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।

डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा के लिए संसद की विशेष बैठक बुलाई गई है, जिसके तहत लोकसभा 30 नवंबर से और राज्यसभा 2 दिसंबर से बैठेगी और कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त होगी।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।