'इंटीग्रेटड थिएटर कमांड एक ऑपरेशनल जरूरत, इसे जल्द लागू किया जाएगा', अग्निपथ सुधारों पर क्या बोले CDS सुब्रमणि?
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि 'इंटीग्रेटड थिएटर कमांड' एक ऑपरेशनल अनिवार्यता है और तीनों सेनाएं इस पर सहमत हैं, जिसे जल्द लागू किया जाएगा।

एटर कमांड एक ऑपरेशनल जरूरत। (एएनआई)
HighLights
थिएटर कमांड ऑपरेशनल अनिवार्यता, तीनों सेनाएं सहमत, जल्द लागू होगा।
अग्निपथ बदलाव वापसी नहीं, बल्कि योजना की समीक्षा का परिणाम।
भविष्य के युद्धों के लिए इंटीग्रेटेड कमांड स्ट्रक्चर आवश्यक है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सोमवार को कहा कि 'इंटीग्रेटड थिएटर कमांड' (ITC) का गठन कोई प्रशासनिक जरूरत नहीं, बल्कि एक 'ऑपरेशनल अनिवार्यता' है। उन्होंने बताया कि तीनों सेनाएं इस पर पूरी तरह सहमत हैं और इसे जल्द देश में लागू होते हुए देखा जाएगा।
CDS ने यह भी स्पष्ट किया कि अग्निपथ योजना में किए गए बदलावों की योजना वापस लेना नहीं माना जा सकता, जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वे केवल जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
'मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस' की सख्त जरूरत- CDS
'ANI नेशनल सिक्योरिटी समिट' में बोलते हुए, जनरल एनएस ने समझाया कि भविष्य के युद्धों के लिए 'इंटीग्रेटेड कमांड स्ट्रक्चर' क्यों जरूरी हैं, क्योंकि आज के युद्ध पारंपरिक सीमाओं से कहीं आगे निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि आज के समय में 'मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस' की सख्त जरूरत है।
समिट में CDS के साथ मौजूद वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भी थिएटर कमांड का समर्थन किया। उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि सेना के भीतर इसे लेकर कोई विरोध है। उन्होंने वायु शक्ति को एक 'गोंद' की तरह बताया, जो संयुक्तता, एकीकरण और थिएटर-आधारित ढांचे को आपस में जोड़े रखेगी।
जनरल सुब्रमणि ने कहा कि हम भविष्य में केवल जमीन, हवा और समुद्र में ही नहीं लड़ेंगे, बल्कि समुद्र के नीचे, साइबर स्पेस, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, स्पेक्ट्रम, अंतरिक्ष और 'कॉग्निटिव स्पेक्ट्रम' में भी लड़ेंगे।
अग्निपथ योजना पर क्या बोले सीडीएस
अग्निपथ योजना में सुधारों को लेकर उठ रहे सवालों पर जनरल सुब्रमणि ने कहा, "जब हमने चार साल पहले अग्निपथ योजना शुरू की थी, तभी यह तय हो गया था कि समय-समय पर इसकी प्रभावशीलता को देखते हुए इसकी समीक्षा की जाएगी। यह कोई 'पत्थर की लकीर' नहीं है, सिर्फ बेवकूफ लोग या वे लोग जो बदलाव नहीं चाहते, इसे पत्थर की लकीर मानते हैं।
उन्होंने कहा कि जो भी बदलाव किए गए हैं, वे रक्षा बलों की सिफारिशों पर, गहन समीक्षा और अध्ययन के बाद किए गए हैं। जो लोग जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं और गलत बातें फैला रहे हैं, यह सब पूरी तरह गलत है।
जनरल सुब्रमण्यम ने कहा कि मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि 4 या 6 साल पूरे होने के बाद अग्निवीरों को सेना में नियमित सैनिकों के तौर पर शामिल कर लिया जाएगा। यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करेगा कि वे कब से सेना में स्थायी रूप से शामिल होना चाहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।