गैंगस्टर रवि पुजारी के खिलाफ दो मामलों में चार्जशीट दाखिल, बिल्डर से फिरौती का मामला
गैंगस्टर रवि पुजारी (Ravi Pujari) के खिलाफ बेंगलुरू पुलिस ने दो मामलों में आरोप-पत्र दाखिल किया है। जाने किन मामलों में बनाया गया है आरोपी...
बेंगलुरु, पीटीआइ। गैंगस्टर रवि पुजारी (Ravi Pujari) के खिलाफ बेंगलुरू पुलिस ने आरोप-पत्र दाखिल किया है। सेनेगल से प्रत्यर्पण के बाद वह अभी बेंगलुरु पुलिस की हिरासत में है। बेंगलुरु के तिलक नगर में शबनम डेवलपर्स शूटआउट और शहर के ह्वीटफील्ड में एक बिल्डर से फिरौती वसूलने के मामलों में आरोपपत्र दाखिल किया गया है। बेंगलुरु के संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संदीप पाटिल ने यह जानकारी दी।
संदीप पाटिल ने बताया कि आरोपपत्र दो मामलों से संबंधित है। मामले बेंगलुरु के तिलक नगर में शबनम डेवलपर्स के कार्यालय में गोलीबारी और शहर के ह्वीटफील्ड में एक बिल्डर से धन उगाही के हैं। पुलिस के मुताबिक, तिलक नगर में पुजारी का साथी शबनम डेवलपर्स के कार्यालय गया और रिसेप्शनिस्ट शैलजा और कार्यालय सहायक रवि की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस की मानें तो उस समय इस सिलसिले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कहा कि पुजारी ने हत्यारे को हथियार दिया था। ह्वीटफील्ड मामले में बिल्डर को फिरौती की रकम देने की धमकी दी गई थी। पुजारी के खिलाफ कॉल डिटेल एवं अन्य सुबूत जुटाए गए। पाटिल ने कहा, 'पुजारी कई मामलों में संलिप्त रहा है। हम एक-एक कर आरोपपत्र दाखिल कर रहे हैं।'
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ह्वीटफील्ड मामले में बिल्डर को पैसे पहुंचाने की धमकी दी गई थी। पुलिस अधिकारियों की मानें तो पुजारी कई मामलों में आरोपी है। पुलिस एक-एक करके आरोपपत्र दाखिल कर रही है। फिलहाल दो मामलों में आरोपपत्र दायर किए गए हैं। लगभग 15 वर्षों से फरार चल रहे पुजारी को दक्षिण अफ्रीका में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसको सेनेगल प्रत्यर्पित किया गया था। बीते 23 फरवरी को उसे बेंगलुरु लाया गया था।